विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में खुले ट्रांसफॉर्मरों पर कसी जाएगी जाली, 54 लाख की लागत से बनेगा सुरक्षा घेरा

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:07 PM (IST)

महराजगंज में बिजली विभाग 230 खुले ट्रांसफार्मरों के चारों ओर 54.18 लाख रुपये की लागत से जाली का सुरक्षा घेरा ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. 230 खुले ट्रांसफार्मरों पर बनेगा सुरक्षा घेरा।

  2. 54.18 लाख रुपये की लागत से होगा कार्य।

  3. हादसों को रोकने और सुरक्षा बढ़ाने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में खुले पड़े बिजली ट्रांसफॉर्मरों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए बिजली विभाग ने पहल की है। इसके तहत जनपद में कुल 230 ट्रांसफॉर्मर चिह्नित किए गए हैं, जिनके चारों तरफ जाली का सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा के लिए अन्य आवश्यक उपाय भी किए जाएंगे।

इस पूरी योजना पर 54.18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ऐसे में खुले ट्रांसफार्मरों के संपर्क में आने से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी हो गया है। कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर खुले होने से लोगों के लिए खतरा बना रहता है। खासकर आबादी वाले इलाकों, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों के पास बच्चों, राहगीरों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की आशंका रहती है।

ऐसे में सुरक्षा घेरा नहीं होने पर दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। इसे देखते हुए विभाग ने जनपद के 230 ट्रांसफार्मरों को चिन्हित करते हुए बिजनेस प्लान में शामिल किया था। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद इन ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ जाली लगाकर घेरा तैयार करने की योजना शुरू कर दी गई है। इससे लोग सीधे ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंच सकेंगे। सुरक्षा घेरे से अनधिकृत प्रवेश रोकने में मदद मिलेगी और बिजली के उपकरणों के नजदीक जाने से होने वाले संभावित हादसों का खतरा भी घटेगा।

ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा के लिए जरूरत के अनुसार अन्य उपाय भी किए जाएंगे, ताकि व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसके लिए निर्धारित बजट से कार्य कराया जाएगा। विद्युत वितरण मंडल महराजगंज के अधीक्षण अभियंता राकेश मोहन ने बताया कि खुले में रखे ट्रांसफार्मरों के आस-पास जाली का घेरा और चतूबतरा बनने से आम लोगों की पहुंच सीमित होगी और ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद मिलेगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। शीघ्र ही कार्यदायी संस्था की तरफ से कार्य कराया जाएगा।

डिविजन ट्रांसफॉर्मरों की संख्या धनराशि (लाख रुपये में)
महराजगंज 38 8.48
निचलौल 31 19.08
आनंदनगर 64 15.08
नौतनवा 49 11.54

यह भी पढ़ें- दुखों का पहाड़ भी नही डिगा सका हौसला, महराजगंज में दो मासूमों का सहारा बनीं ज्ञानती; झोपड़ी में कट रही बेबसी की जिंदगी