काठमांडू-मुगलिंग पृथ्वी हाईवे वाहनों के लिए खुला, नया ट्रैक बनने से यात्रियों को मिली राहत
नेपाल के धादिंग जिले में गलौड़ी के पास भूस्खलन के कारण बंद काठमांडू-मुगलिंग पृथ्वी हाईवे यातायात के लिए फिर खोल दिया गया है।
-1791729648592_m.webp)
काठमांडू-मुगलिंग पृथ्वी हाईवे वाहनों के लिए खुला।
HighLights
काठमांडू-मुगलिंग पृथ्वी हाईवे भूस्खलन के बाद फिर खुला।
धादिंग जिले में नया ट्रैक बनाकर आवागमन बहाल।
हजारों फंसे यात्रियों और मालवाहक वाहनों को राहत।
संवाद सूत्र, सोनौली। नेपाल के धादिंग जिले में गलौड़ी के पास भूस्खलन के कारण बंद काठमांडू-मुगलिंग पृथ्वी हाईवे शनिवार रात से फिर यातायात के लिए खोल दिया गया। सड़क पर नया ट्रैक तैयार कर आवागमन बहाल किया गया। हाईवे बंद होने से शुक्रवार से फंसे हजारों यात्रियों को राहत मिली है।
मार्ग खुलने से काठमांडू आने-जाने वाले यात्रियों के साथ ही मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी सामान्य होने की उम्मीद है। नागढुंगा-नौबीसे-मुगलिंग सड़क परियोजना के पूर्वी खंड के प्रमुख गुरु प्रसाद अधिकारी के अनुसार, सड़क खोलने के लिए शनिवार सुबह से ही युद्धस्तर पर काम शुरू किया गया था। इसमें छह एक्सकेवेटर, दो लोडर और दो बैकहो लोडर लगाए गए थे।
बाढ़ से प्रभावित सड़क के किनारे की चट्टान और मिट्टी काटकर वैकल्पिक ट्रैक तैयार किया गया। करीब 157 मीटर लंबे, छह मीटर चौड़े और 12 मीटर ऊंचे हिस्से की कटाई कर रास्ता बनाया गया, जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। इससे पहले भोटेकोशी में आई बाढ़ के कारण पृथ्वी हाईवे के नीचे कृष्णाभीर क्षेत्र में सड़क जलमग्न हो गई थी।
इसके बाद वैकल्पिक मार्ग तैयार कर सितंबर में यातायात शुरू कराया गया था। हालांकि, लगातार वर्षा के दौरान गलौड़ी के पास भूस्खलन होने से यह रास्ता भी बंद हो गया। इसके चलते यात्रियों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पृथ्वी हाईवे के परेवाभीर, चालीस और बांगे क्षेत्रों में भी भूस्खलन के कारण आवागमन प्रभावित हुआ था। नेपाल की राजधानी काठमांडू को प्रमुख शहरों और अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाले इस मार्ग के दोबारा खुलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
