घाटों पर उमड़ी आस्था, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
सड़क से लेकर घाटों तक रहा मेले जैसे दृश्य भक्ति गीतों से गूंजता रहा वातावरण
महराजगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर शुक्रवार को नदी, घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान घाटों पर बजते छठ माता के देवी गीतों के धुन से माहौल भक्तिमय रहा। श्रद्धालु पूजा सामग्रियों के साथ क्षेत्र के नदी घाटों और सरोवरों पर पहुंचे। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर संतान के मंगल की कामना की। घाटों पर मेला जैसा दृश्य रहा।
शुक्रवार की सुबह से महिलाएं, पुरुष घाटों पर पहुंचने के लिए तैयारी में जुटे रहे। सायं करीब तीन बजते ही नगर क्षेत्र के बलिया नाला, जिला उद्योग केंद्र, चिऊरहा, पिपरदेउरा, मऊपाकड़ आदि घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। छठ माता के गीत काच्चे ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए, केलवा के पात पर उगे लन सुरुजमल झांके-झुके.., आठ ही के काठ के कोठरिया हो दीनानाथ..बजते रहे। नए वस्त्र धारण कर महिला, पुरुष, बच्चे बांस के सूपा व सुपेली, चंगेरी, नारियल, शरीफा, मौसमी, गन्ना, गंजी, सुथनी, कच्ची हल्दी, मूली, हरा साग, भीगा चना आदि के अलावा तरह-तरह के पकवान टोकरी में लेकर घाट पर पहुंचे। व्रती महिलाओं के पति सिर पर टोकरी में पूजा सामग्री लेकर घाटों की तरफ बढ़ते रहे, जबकि महिलाएं गीत गाते हुए टोलियों में छठ घाटों पर पहुंची। कोठीभार, घुघली, शिकारपुर, भिटौली, पनियरा, मंगलपुर, श्यामदेउरवा, निचलौल संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में छठ पर्व पर घाटों पर मेले जैसा दृश्य रहा। सायं होते ही व्रती महिलाओं ने पानी में खड़ा होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
आनंदनगर संवाददाता के अनुसार शाम ढलने के साथ ही व्रती महिलाएं कस्बे के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर सरोवर व प्रेम पोखरा मंदिर घाट के साथ त्रिमोहानी, परगापुर घाट, पवह नाला सहित गांवों में स्थित तालाबों पर पहुंचीं। नौतनवा संवाददाता के अनुसार नगर पालिका नौतनवा के डा. राममनोहर लोहिया पीजी कालेज, भुंडी, दोमुहान घाट व शास्त्रीनगर वार्ड स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालु उमड़े। सुरक्षा के मद्देनजर मुस्तैद रही पुलिस फोर्स
छठ पर्व पर को लेकर घाटों व सड़कों पर काफी भीड़ रही। सुरक्षा के मद्देनजर इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौजूद रही। जिला उद्योग केंद्र, बलिया नाला, चिऊरहा, पिपरदेउरा, मऊपाकड़, शिकारपुर, घुघली, पनियरा, सिसवा, निचलौल, आनंदनगर, नौतनवां आदि घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। बच्चों ने मेले का उठाया आनंद
गांव से लेकर नगर तक छठ घाटों पर मेला लगा रहा। इस दौरान चाट, फुल्की, समोसे, चाऊमीन आदि के ठेले पर जहां दुकान सजी रही, वहीं बच्चों के खिलौने, मिट्टी के बर्तन, गुब्बारे आदि भी खूब बिके। रोशनी से जगमग रहे छठ घाट
आस्था और विश्वास के महापर्व के मद्देनजर प्रशासन के साथ ही पूजा समितियों के लोगों ने भी बढ़चढ़कर अपनी हिस्सेदारी निभाई। रंग रोहन से छठ वेदी आकर्षण का केंद्र रही। रात के अंधेरों में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
सेल्फी लेने की लगी रही होड़
छठ घाटों पर युवकों, युवतियों और महिलाओं में सेल्फी लेने की होड़ मची थी। इस दौरान लोग काफी उत्साहित नजर आए।