बराबर की भागीदारी, पुरुष भी निभा रहे भोजन बनाने की जिम्मेदारी
लाकडाउन में समय मिलने के कारण भोजन बनाने के साथ ही घर के अन्य कार्यों में भी हाथ बंटाने से समय कट जाता है।
महराजगंज: लाकडाउन के बाद अब जनप्रतिनिधि व नौकरीपेशा लोग घरों में परिवार के साथ घरेलू कामों में बराबर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। किचन में लजीज व्यंजनों में पुरुषों के हाथ तो कहीं, साफ-सफाई में जुटे लोगों के साथ परिवार के सदस्य भी इस लाकडाउन के फुर्सत भरे पल को संजोने में लगे हैं। खुद व बेहतर समाज के लिए लोग घरों में रह रहे हैं और इस पल को सुनहरा बनाने के लिए घर के कार्यों में सहयोग और हाथ बंटाने का कार्य कर रहे हैं। शनिवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने भी घर पर भोजन बनाया। उन्होंने कहा कि सरकार के लाकडाउन के आदेश का पालन करते हुए घर के कार्यों में हाथ बंटा रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ के पद पर तैनात देवेश पांडेय भी घर के कार्यों में हाथ बंटा कर खुश हैं। पांडेय ड्यूटी के बाद खाली समय में घर पहुंचकर भोजन बनाने में जुट जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाकडाउन में समय मिलने के कारण भोजन बनाने के साथ ही घर के अन्य कार्यों में भी हाथ बंटाने से समय कट जाता है।