मस्जिद में नमाज पढ़ते आठ धराए, मुकदमा
पनियरा थानाक्षेत्र के बरियारपुर मस्जिद में हुई कार्रवाई
महराजगंज: पनियरा थानाक्षेत्र के बरियारपुर मस्जिद में गुरुवार की दोपहर एक साथ नमाज पढ़े जाने की सूचना पर हरकत में आई पुलिस सीधे मस्जिद में पहुंच गई। इस दौरान वहां आठ लोग एक साथ नमाज पढ़ते मिले। सभी लोगों को पुलिस थाने ले गई। शांति में आरोपितों का चालान कर धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया।
दोपहर को गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि एक साथ बरियारपुर गांव में लोग नमाज पढ़ रहे हैं। लॉकडाउन का उल्लंघन के साथ ही एक दूसरे के बीच निश्चित दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। सूचना मिलते ही थानेदार दिलीप शुक्ल मयफोर्स सीधे गांव में पहुंच गए। मस्जिद में पुलिस के दाखिल होते ही भगदड़ मच गई। आठ लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सभी ने एक साथ नमाज पढ़ने की बात को स्वीकार कर लिया। थानेदार की ओर से सभी को कड़ी चेतावनी दी गई और उनके शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया गया। एसओ ने कहा कि मस्जिद में नमाज पढ़ने पर रोक लगी है। आरोपितों की ओर से धारा 144 का उल्लंघन किया गया है। मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। लॉकडाउन में घरों से बाहर निकलने में पाबंदी है।