करंट से दंपती झुलसे, पति की मौत
थानाक्षेत्र के गिरहिया गांव के परागपुर टोला में शुक्रवार की सुबह करंट की चपेट में आने से दंपती झुलस गया। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया।
महराजगंज: थानाक्षेत्र के गिरहिया गांव के परागपुर टोला में शुक्रवार की सुबह करंट की चपेट में आने से दंपती झुलस गया। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां डाक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांववालों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश हैं।
परागपुर टोला निवासी लालबहादुर (45) के घर पर उनकी दो बेटियां सीमा व रीमा दशहरा का मेला करने के लिए ससुराल से आई हैं। घर में सोने की जगह कम होने से गुरुवार की रात लालबहादुर पत्नी सुशीला देवी (43) के साथ छत पर सोने चले गए। उनके घर के बगल की दीवार से बिजली का तार गुजर रहा है। नमी होने की वजह से दीवार में करंट आ रहा था। इस बात की जानकारी किसी को नहीं थी। सुबह चार बजे के करीब दंपती की आंख खुली और दोनों एक साथ छत से सीढ़ी के सहारे नीचे उतर रहे थे। इसी बीच दीवार छूने से बिजली के संपर्क में आ गए। करंट की चपेट में आने से दंपती झुलस गए और नीचे गिर गए। बच्चों के चिल्लाने से गांव के लोग वहां पहुंचे और घायल को सीएचसी निचलौल पहुंचा। जहां डाक्टर ने लालबहादुर को मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान गांव के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि सुशीला की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद परिजन सदमे में हैं। एसएचओ बिहागड़ सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बिजली विभाग को सूचना दे दी गई।