नेपाल में काले शीशे वाले भारतीय वाहनों पर सख्ती, सीमा पर हटाने होंगे टिंटेड ग्लास
नेपाल सरकार ने सोमवार से टिंटेड ग्लास वाली भारतीय गाड़ियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है।

नेपाल में काले शीशे वाले भारतीय वाहनों पर सख्ती।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से होकर नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन चालकों के लिए अहम खबर है।
नेपाल सरकार ने सोमवार से टिंटेड ग्लास (काले शीशे) लगी गाड़ियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अब काले शीशे लगी भारतीय गाड़ियों को नेपाल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
ऐसे वाहनों को सीमा पर ही टिंटेड ग्लास हटाने होंगे, जबकि नेपाल के भीतर पकड़े जाने पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल ट्रैफिक पुलिस ने अभियान की शुरुआत खुद गृह मंत्री सुधन गुरुंग और गृह सचिव राजकुमार श्रेष्ठ के सरकारी वाहनों से टिंटेड ग्लास हटाकर की। गृह मंत्री स्वयं ट्रैफिक पुलिस कार्यालय पहुंचे और अपनी गाड़ियों से काले शीशे हटवाकर आम लोगों से भी नियमों का पालन करने की अपील की।
नेपाल ट्रैफिक पुलिस प्रमुख एसएसपी सुरेश काफ्ले ने बताया कि टिंटेड ग्लास वाली गाड़ियों का उपयोग छोटे हथियारों, मादक पदार्थों और सोने की तस्करी समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा रहा था।
सीमा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि भारत से नेपाल जाने वाले वाहन चालक यात्रा से पहले अपने वाहनों से टिंटेड ग्लास हटवा लें, ताकि सीमा पर किसी प्रकार की असुविधा या कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 4 लाख नेपाली करेंसी के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
