पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में वृद्धि पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन
महराजगंज पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर जिला कांग्रेस कमे
महराजगंज: पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले भर में प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी और जिलाधिकारी को सौंपा, जिसमें केंद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल एवं गैस के दामों में वृद्धि दिन-प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है। इस दौरान आलोक प्रसाद, गोपाल शाही, अकील अहमद, नूरआलम आदि मौजूद रहे।
नौतनवा संवाददाता के अनुसार उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को किसान सभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय सिंह एडवोकेट की अगुवाई में बाबू पैसिया पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र शुक्ल, गंगाजल चौरसिया, रवींद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे।
निचलौल संवाददाता के अनुसार डीजल, पेट्रोल, घरेलू गैस व खाद्य पदार्थों के बढ़ते दाम के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शीतलापुर चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राजू कुमार गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, मुकेश पाल आदि मौजूद रहे।
कोठीभार संवाददाता के अनुसार सिसवा कस्बा के चोखराज स्कूल के पास कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनोद तिवारी, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मो. रिजवान, जहीर खान, आनन्द कनौजिया, अब्दुल आदि उपस्थित रहे। आनंदनगर संवाददाता के अनुसार कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फरेंदा में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
इस अवसर पर धर्मनाथ कुमार, सुनील चौधरी, सोनू, रमेश चंद श्रीवास्तव, भरत भुवाल चौधरी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।