गले मिले, दी ईद-उल-अजहा की बधाई
महराजगंज जिले में बकरीद सोमवार को परंपरागत ढंग से मनाया गया। जिले की 85 मस्जिदों और 268 ईदगाहों पर करीब एक लाख नमाजियों ने नमाज पढ़ मुल्क की तरक्की अमन व शांति के लिए दुआ मांगी। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को गले लगा ईद उल अजहा की बधाई दी।
महराजगंज: महराजगंज जिले में बकरीद सोमवार को परंपरागत ढंग से मनाया गया। जिले की 85 मस्जिदों और 268 ईदगाहों पर करीब एक लाख नमाजियों ने नमाज पढ़ मुल्क की तरक्की ,अमन व शांति के लिए दुआ मांगी। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को गले लगा ईद उल अजहा की बधाई दी। मस्जिद और ईदगाहों के पास लगे मेले में बच्चों ने जम कर लुफ्त उठाया। सोमवार की सुबह से पर्व के मद्देनजर प्रशासन, नगर पालिका व नगर पंचायतों में स्थित मस्जिद, ईदगाहों की सफाई व्यवस्था के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सड़कों की साफ-सफाई कर चूना छिड़का गया। सुबह से ही नमाजियों की भीड़ मस्जिद, ईदगाह स्थलों पर पहुंचने लगी थी। रूअते हेलाल कमेटी उर्फ चांद कमेटी के मीडिया प्रभारी शमसुल हुदा खां ने बताया कि रोडवेज स्टेशन स्थित नूरी ईदगाह पर सुबह 8.30 बजे बकरीद की नमाज पढ़ी गई । पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान, एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल ने नूरी ईदगाह पर पहुंचकर ईद उल अजहा की बधाई दी। घुघली, पनियरा, भिटौली, शिकारपुर, मंगलपुर, हरपुर तिवारी, श्यामदेउरवा आदि प्रतिनिधियों के अनुसार वहां की मस्जिदों व ईदगाहों में भी शांति पूर्वक बकरीद की नमाज पढ़ी गई। ईद उल अजहा (बकरीद) के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले की सभी मस्जिदों व ईदगाहों के पास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान, अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल सहित चारों क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर शांति व्यवस्था पर नजर बनाए रखें। त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा 17 अधिकारी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किए गए थे। इस अवसर पर मस्जिदों व ईदगाहों के समीप लगे मेले का बच्चों ने जम कर लुफ्त उठाया। अपने अभिभावकों से जिद कर उन्होंने खूब खरीदारी की। सेल्फी का भी क्रेज देखने को मिला। नए कपड़े पहने युवाओं ने साथियों संग खड़े होकर खूब सेल्फी ली, और सोशल मीडिया पर वायरल किया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप