महराजगंज के भिटौली सहकारी संघ में नहीं मिल रही खाद, डीएपी-यूरिया की कमी से गेहूं की बुआई पर असर
भिटौली सहकारी संघ, जो खाद-बीज के लिए बना था, अब केवल धान-गेहूं खरीद तक सीमित है, जिससे किसान 2011 से उर्वरक की कमी झेल रहे हैं।

क्षेत्र के किसान डीएपी और यूरिया के लिए परेशान हैं, और प्रशासन से संघ में जल्द उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
HighLights
भिटौली सहकारी संघ में 2011 से उर्वरक अनुपलब्ध।
किसान धान-गेहूं खरीद के बावजूद खाद को तरस रहे।
डीएपी, यूरिया की कमी से गेहूं बुवाई प्रभावित।
संवाद सूत्र, भिटौली (महराजगंज)। किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित सहकारी संघ भिटौली की भूमिका इन दिनों धान और गेहूं की खरीद तक सिमटकर रह गई है। वर्ष 2011 से यहां उर्वरक की उपलब्धता नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कभी किसानों के लिए खाद का प्रमुख केंद्र रहा यह सहकारी संघ अब उर्वरक के इंतजार में सूना पड़ा है।
विडंबना यह है कि इसी केंद्र पर किसानों से धान और गेहूं की खरीद तो की जा रही है, लेकिन खेती के लिए जरूरी यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं है। भिटौली, गनेशपुर, सोहरौनाराजा, किशुनपुर, पचरुखिया, टिकुलहिया, करमही, हथियागढ़, अमवा और भैंसी समेत आसपास के गांवों के किसान पहले इसी सहकारी संघ से उर्वरक खरीदते थे।
अब खाद के लिए उन्हें दूसरे केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ता है। किसानों का कहना है कि एक तरफ सरकार किसानों की उपज की खरीद के लिए सहकारी संघ का उपयोग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ खेती के जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में यह केंद्र पीछे छूट गया है।
किसान शरद कुमार सिंह, सुग्रीव चौबे, गोपीनाथ पटेल, ईश्वर जायसवाल, राजेंद्र दुबे उर्फ टापर बाबा, महेंद्र पांडेय, मारकंडेय पांडेय, शंभू चौबे, ओम प्रकाश चौबे, बैजनाथ यादव, विनोद यादव, प्रदीप चौबे समेत अन्य किसानों ने सहकारी संघ पर जल्द उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गेहूं की बुवाई के समय डीएपी और फसलों की बढ़वार के दौरान यूरिया की जरूरत पड़ती है।
भिटौली के उमेश लाल श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे में स्थानीय स्तर पर खाद नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ जाती है। किसान गेहूं की बोआई के समय डीएपी के लिए परेशान है। सहकारी संघ पर उर्वरक नहीं होना किसानों के लिए हाथी के दांत जैसा साबित हो रहा है। यहां खाद की व्यवस्था होने से आसपास के कई गांवों के किसानों को राहत मिलेगी।
हैदरगंज के श्याम मोहन चौधरी ने कहा कि पहले इस समिति पर यूरिया और डीएपी दोनों मिलते थे, लेकिन अब यहां केवल धान और गेहूं की खरीद होती है। खाद नहीं मिलने से किसानों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। प्रशासन को इस सहकारी संघ पर भी उर्वरक उपलब्ध कराना चाहिए।
प्रभारी सचिव किशन जायसवाल ने बताया कि सहकारी संघ द्वारा लोन को प्रक्रिया चल रही है। लोन स्वीकृत होते ही धन अवमुक्त होने पर यहां भी उर्वरक आ जाएगा, जिससे किसानों की समस्या दूर हो जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।