दौड़, कबड्डी व कुश्ती में एथलीटों ने दिखाया दमखम
दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही के ऐतिहासिक देवामन सरोवर के तट पर गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
कुशीनगर : दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही के ऐतिहासिक देवामन सरोवर के तट पर गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। सौ मीटर दौड़ में दुदही के जावेद अंसारी ने प्रथम, मठिया भोकरिया के अम्बरीष यादव ने द्वितीय व दोघरा के देवानंद यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में जिला स्टेडियम रवींद्र नगर बाड़ी पुल टीम ने नवजीवन मिशन स्कूल कसया को पराजित कर खिताब जीता। कुश्ती के एक दर्जन से अधिक मुकाबलों में प्रमुख विष्णुकांत ने चंदन, विशाल यादव ने विशाल मद्धेशिया, रंजन यादव ने नीरज, मंडल कुशवाहा ने हसमुद्दीन व रंजीत ने पारस को आसमान दिखाया। कार्यक्रम स्थल पर विचार गोष्ठी में प्रगतिशील किसान पारसनाथ नाथ सिंह, रमाकांत पांडेय, जितेंद्र गुप्ता आदि ने महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया गया। इस मौके पर केपी यादव, प्रधान सीताराम खरवार, हरख यादव, स्वामीनाथ गुप्ता आदि मौजूद रहे।