993 नेपाली व 1254 भारतीय नागरिक भेजे गए अपने वतन
वहीं दूसरी तरफ नेपाल में फंसे 1060 भारतीय नागरिक सोनौली सीमा से भारत में प्रवेश किए।
महराजगंज: गुरुवार की शाम 993 नेपाली व 1254 भारतीय नागरिक अपने-अपने वतन भेजे गए हैं।
भारत के विभिन्न राज्यों व जनपदों में मेहनत मजदूरी कर जीवन-यापन करने वाले 993 नेपाली नागरिक गुरुवार शाम अपने वतन पहुंच गए। यह नागरिक नेपाल के गुल्मी, रुपंदेही, अर्घखांची, नवलपरासी, पाल्पा, तिलोत्तमा, काठमांडू, बागलूंग, डांग, कपिलवस्तु, प्यूठान, तनहू, श्यांजा के निवासी हैं। वहीं दूसरी तरफ नेपाल में फंसे 1060 भारतीय नागरिक सोनौली सीमा से भारत में प्रवेश किए। इन सभी लोगों का आव्रजन कार्यालय पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। बुधवार शाम नेपाल से भारत आए झारखंड के 194 नागरिक सोनौली बस डिपो पर रोके गए थे। गुरुवार को 1060 नागरिकों के साथ 194 झारखंड नागरिकों को बसों से उनके जनपदों में भेज दिया गया। जबकि बिहार के 253 नागरिक अभी भी आश्रय पद्धति विद्यालय क्वारंटाइन सेंटर पर ठहरे हुए हैं।