लखनऊ में प्रेम-प्रसंग में युवक को गोली मारी,युवती के दोस्त और उसके सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Lucknow Crime News: युवती के दोस्त समर्थ यादव और समर्थ के मित्र अमन सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया गया है।

फेलिक्स स्क्वायर के सामने एक युवक को पैर में गोली मार दी गई
HighLights
घायल युवक का प्राइवेट अस्पताल में चल रहा इलाज
दो नामजद के साथ दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
संवाद सूत्र, लखनऊ : गोसाईगंज में सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में रविवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर युवक के पैर में गोली मार दी गई। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना फेलिक्स स्क्वायर के सामने हुई। घायल युवक को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद स्वजन उसको दूसरे अस्पताल ले गये। इस प्रकरण में युवती के दोस्त समर्थ यादव और समर्थ के मित्र अमन सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया गया है।
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 7:48 बजे यूपी 112 पर सूचना मिली कि फेलिक्स स्क्वायर के सामने एक युवक को पैर में गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल युवक सड़क किनारे पड़ा था। पास में उसकी बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी थी। घायल की पहचान आदर्श सिंह (25) निवासी जमगरा सरपतहा, जौनपुर के रूप में हुई। वह गोमतीनगर विस्तार में रहता है।
रात में प्रेमिका से हुआ था विवाद
जांच में पता चला कि आदर्श का जौनपुर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध है। युवती फिलहाल लखनऊ में ही रहती है। शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद आदर्श के दोस्त ने युवती को उसके घर छोड़ दिया था। युवती ने यह बात जौनपुर के ही अपने साथी को बताई। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे युवती ने आदर्श को फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगा। तब उसने आदर्श के दोस्त को फोन किया तो पता चला कि आदर्श शराब पीकर बेसुध पड़ा है। युवती ने दोस्त से कहा कि सुबह उसे कहीं जाने मत देना।
बातचीत के बहाने बुलाकर मारी गोली
युवती के एक साथी ने रविवार सुबह आदर्श को फोन करके पूछी कि कल क्या हुआ था, आओ फेलिक्स स्क्वायर पर मिलकर बात करते हैं। इस पर आदर्श बुलेट से वहां पहुंचा। आरोप है कि तभी स्विफ्ट कार से चार लोग आए। दो लोग कार से उतरकर बातचीत करने लगे, फिर बहस बढ़ गई। आरोपितों ने आदर्श को गिराकर पीटा और पैर में गोली मारकर फरार हो गए।
एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव ने बताया कि आरोपितों की पहचान के लिए मोबाइल नंबरों की जांच के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तीन टीमें जांच कर रही हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
