लखनऊ में युवक ने हेड कांस्टेबल को डंडे से पीटा, सीसीटीवी में घटना कैद होने के बाद गिरफ्तार
CCTV FootageViral: मारपीट के मामले में आरोपित एक पक्ष का युवक डंडा लेकर पहुंचा और अजय कुमार शुक्ला से गाली-गलौज करने लगा।
HighLights
हरदासी खेड़ा में छेड़छाड़ को लेकर हुई मारपीट और सफारी कार फूंकने की घटना के बाद तैनात थी पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना कैद में मिली
जागरण संवाददाता, लखनऊ : चिनहट के हरदासी खेड़ा में एक युवक ने पिकेट ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल पर डंडे से हमला किया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हेड कांस्टेबल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
हरदासी खेड़ा में छेड़छाड़ को लेकर हुई मारपीट व सफारी कार फूंकने की घटना के बाद 23 सितंबर को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में उपनिरीक्षक संजीव कुमार व हेड कांस्टेबल अजय कुमार शुक्ला की पिकेट ड्यूटी लगाई गई थी। उपनिरीक्षक कुछ देर के लिए पिकेट से दूर गए थे।
इसी दौरान मारपीट के मामले में आरोपित एक पक्ष का युवक रोहित तिवारी डंडा लेकर पहुंचा और अजय कुमार शुक्ला से गाली-गलौज करने लगा। अजय पर डंडे से हमला किया। उन्होंने घटना की जानकारी उपनिरीक्षक संजीव कुमार को दी। उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से भाग गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में घटना कैद मिली।
पुलिसकर्मी की तहरीर पर 26 सितंबर की रात चिनहट थाने में आरोपित युवक रोहित तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इंस्पेक्टर दिनेश मिश्र ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह है पूरा मामला
हरदासी खेड़ा में कक्षा चार की छात्रा के साथ छेड़खानी के विरोध में दो पक्षों में करीब चार माह से विवाद चल रहा है। 23 सितंबर को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। छात्रा के पिता ने विपक्षियों पर सफारी कर फूंकने और मारपीट करने का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष ने दिव्यांग के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया दोनों पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज हुआ।
