विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'योगी की पाती': सत्ता के शिखर से संवेदनाओं के आंगन तक

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:29 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'योगी की पाती' पहल, 50 से अधिक सप्ताहों से प्रदेशवासियों से संवाद का माध्यम बनी है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'योगी की पाती' पहल ने बढ़ाया संवाद।

  2. 50 सप्ताहों से प्रदेशवासियों से आत्मीय संबंध स्थापित कर रही पाती।

  3. लखनऊ में 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का विमोचन।

प्रणय विक्रम सिंह। कभी किसी पुराने संदूक में रखी चिट्ठी मिली है आपको? वर्षों बाद भी उसके शब्द पुराने नहीं लगते। कागज पीला पड़ जाता है, स्याही धुंधली हो जाती है, लेकिन उसमें बसा अपनापन वैसा ही रहता है। मां की चिट्ठी में घर की चिंता होती थी, पिता के पत्र में जीवन की सीख और किसी अपने की पाती में दूर रहकर भी पास होने का अहसास। चिट्ठियां केवल समाचार नहीं देती थीं, रिश्तों को जीवित रखती थीं। उन्हें पढ़ते हुए लगता था, जैसे लिखने वाला कहीं दूर नहीं, हमारे पास बैठकर अपने मन की बात कह रहा हो। शायद इसीलिए चिट्ठियां पढ़ लेने के बाद भी संभालकर रखी जाती थीं। उनमें शब्दों से कहीं अधिक किसी अपने की उपस्थिति सुरक्षित रहती थी।

आज जब संवाद मोबाइल की स्क्रीन पर सिमट गया है, संदेशों की उम्र कुछ क्षण रह गई है और शब्दों के बीच आत्मीयता का स्पर्श दुर्लभ होता जा रहा है, तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिट्ठियों की इसी आत्मीय परंपरा को सार्वजनिक जीवन में एक नया अर्थ दिया है। नाम रखा है, 'योगी की पाती'।

पचास से अधिक सप्ताह बीत चुके हैं। हर सप्ताह एक नई पाती, एक नया विषय और प्रदेशवासियों से संवाद का नया अवसर। लेकिन इसकी विशेषता केवल नियमित पत्र लेखन नहीं है। जिस लोकतंत्र में सामान्य नागरिक अपनी समस्याएं लेकर सरकार को पत्र लिखता आया है, वहां प्रदेश का मुखिया स्वयं अपने लोगों को पत्र लिख रहा है। यह उस आत्मीय संबंध का विस्तार है, जिसमें शासन केवल आदेश देने वाला तंत्र नहीं, समाज के सुख-दु:ख का संवेदनशील सहभागी भी दिखाई देता है। यहां संवाद की शुरुआत किसी शिकायत या आवश्यकता से नहीं, बल्कि अपने लोगों से जुड़े रहने की सहज इच्छा से होती है।

इस 'पाती' की आत्मा को समझना हो तो गोरखपुर की वनटांगिया बस्तियों की ओर चलना होगा, जहां कभी अभाव और उपेक्षा ने पीढ़ियों के सपनों को सीमित कर रखा था। जंगलों के बीच बसे जिन परिवारों के लिए सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी अधूरी आकांक्षाएं थीं, उनके बीच योगी आदित्यनाथ ने दीपावली मनाने की परंपरा स्थापित की। उन बस्तियों में जलते दीप केवल उत्सव के प्रतीक नहीं थे। वे उस विश्वास का उजाला भी थे कि समाज के अंतिम छोर पर रहने वाला परिवार भी किसी की प्राथमिकता हो सकता है। उसके घर की खुशियां, उसकी कठिनाइयां और उसके बच्चों का भविष्य भी किसी के सार्वजनिक संकल्प का हिस्सा हो सकते हैं।

वनटांगिया परिवारों के साथ बना यह संबंध किसी एक पर्व तक सीमित नहीं रहा। उनके जीवन में सुविधाओं और अवसरों का विस्तार हुआ, तो वर्षों से उपेक्षित बस्तियों में नई उम्मीदों ने आकार लिया। जिन परिवारों के साथ कभी दीपावली की खुशियां साझा करने का आत्मीय संबंध बना था, उसी अपनत्व का विस्तार आज पूरे उत्तर प्रदेश में दिखाई देता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं। और परिवार का अर्थ ही है कि किसी एक की पीड़ा सबकी चिंता बने, किसी एक की उपलब्धि सबके आनंद का कारण बने।

इसी भावभूमि पर 'योगी की पाती' में जीवन के अनेक रंग उभरते हैं। कहीं अन्नदाता के परिश्रम के प्रति कृतज्ञता है, तो कहीं युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का आग्रह। कहीं मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा की चिंता है, तो कहीं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का स्मरण। कभी पर्वों और परंपराओं की सांस्कृतिक चेतना है, तो कभी समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आशा जगाने का संकल्प। विषय बदलते हैं, लेकिन उनके केंद्र में सामान्य मनुष्य और उसका जीवन बना रहता है।

इन 'पातियों' में विकास केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहता। उसका अर्थ उस पिता के विश्वास में भी दिखाई देता है, जो अपनी बेटी को निर्भय होकर पढ़ने भेजना चाहता है। उस किसान की आशाओं में भी, जो अपने परिश्रम का सम्मान चाहता है। उस नौजवान के आत्मसम्मान में भी, जो अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भविष्य संवारने का सपना देखता है। विकास की वास्तविक अनुभूति भी तो यही है कि शासन के निर्णय सामान्य परिवारों के जीवन में विश्वास, सुविधा और अवसर बनकर उतरें।

योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व में एक संन्यासी की साधना और एक प्रशासक का दायित्व साथ चलते हैं। भारतीय चिंतन में संन्यास केवल व्यक्तिगत इच्छाओं का त्याग नहीं, व्यापक लोक-मंगल के प्रति समर्पण का भी मार्ग है। वहीं राजधर्म की प्रतिष्ठा इस बात में है कि शासन की शक्ति समाज के निर्बल, वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति का सहारा बने। गोरक्षपीठ की आध्यात्मिक परंपरा से निकले योगी आदित्यनाथ के सार्वजनिक जीवन में इन दोनों विचारों का संगम दिखाई देता है। उनके लिए लोकसेवा केवल प्रशासनिक उत्तरदायित्व नहीं, जीवन की साधना का विस्तार भी है।

'योगी की पाती' इसी साधना को संवाद का स्वर देती है। यहां मुख्यमंत्री केवल सरकारी निर्णयों और उपलब्धियों की जानकारी नहीं देते, बल्कि प्रदेशवासियों से उनके कर्तव्यों, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी बात करते हैं। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटियों का सम्मान और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों के माध्यम से वे नागरिकों को प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बनाते हैं। इन पत्रों में एक ओर सरकार के संकल्प हैं, तो दूसरी ओर समाज के सामर्थ्य पर विश्वास। यही विश्वास किसी सार्वजनिक संवाद को एकतरफा संदेश से आगे ले जाकर साझा यात्रा का रूप देता है।

पत्र की अपनी एक अलग भाषा होती है। उसमें आदेश की कठोरता के स्थान पर आत्मीय आग्रह होता है। वह सामने वाले को केवल सुनने के लिए नहीं कहता, उससे मन ही मन बातचीत भी करता है। एक मुख्यमंत्री की 'पाती' का स्वरूप निश्चय ही व्यक्तिगत चिट्ठियों से अलग है, लेकिन उसकी संवेदना उसी मानवीय आवश्यकता से जुड़ी है, जो हर संबंध को जीवित रखती है। जब कोई अपने लोगों को नियमित लिखता है, तो वह उनके साथ संवाद की एक निरंतर डोर भी बनाए रखता है।

उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य के मुख्यमंत्री के सामने प्रशासनिक निर्णयों, बैठकों, यात्राओं और जनसमस्याओं का अंतहीन क्रम रहता है। एक ओर शासन की तात्कालिक चुनौतियां होती हैं, दूसरी ओर करोड़ों लोगों की अपेक्षाएं। इन सबके बीच सप्ताह दर सप्ताह प्रदेशवासियों से लिखित संवाद बनाए रखना उल्लेखनीय है। क्योंकि संबंधों को जीवित रखने के लिए केवल शब्द नहीं, समय भी देना पड़ता है। और समय देना अपने आप में यह स्वीकार करना है कि सामने वाला हमारे लिए महत्वपूर्ण है।

16 नवंबर 2026 को लखनऊ में 'योगी की पाती' के पचास सप्ताह की यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन हुआ। साथ ही 1090 परिसर में इस संवाद यात्रा को समर्पित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया। पचास सप्ताह में लिखे गए विचार, संदेश और संकल्प अब एक पुस्तक के पन्नों में भी संजो दिए गए हैं। यह संग्रह केवल बीते सप्ताहों का दस्तावेज नहीं, बल्कि उस विचार यात्रा का प्रतिबिंब है, जिसमें उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक सरोकार और विकास की आकांक्षाएं एक साथ दिखाई देती हैं।

इन 'पातियों' में व्यक्त संवेदनाओं के पीछे उस नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी है, जहां बेटियों के सपनों को सुरक्षा, किसानों के परिश्रम को सम्मान और युवाओं की आकांक्षाओं को नए अवसर देने के प्रयास हो रहे हैं। यहां विकास केवल वर्तमान की आवश्यकताओं तक सीमित नहीं, आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ता है। इसीलिए इन पत्रों में कभी अपनी गौरवशाली विरासत को संजोने का आग्रह मिलता है, तो कभी आधुनिक तकनीक, नवाचार और नए अवसरों के साथ आगे बढ़ने का विश्वास।

पचास से अधिक सप्ताहों में ऋतुएं बदलीं, पर्व आए, खेतों में फसलें लहलहाईं और जीवन अपनी खुशियों तथा चिंताओं के साथ आगे बढ़ता रहा। इस बदलते समय के बीच हर सप्ताह एक नई पाती ने प्रदेश वासियों से बातचीत का क्रम बनाए रखा। इन 'पातियों' में गांव की पगडंडियां भी हैं, शहरों की आकांक्षाएं भी। परंपरा का सम्मान भी है और आधुनिक भविष्य की ओर बढ़ने का विश्वास भी। जैसे उत्तर प्रदेश का विशाल सामाजिक जीवन अपने विविध रंगों के साथ इन पत्रों में धीरे-धीरे आकार लेता गया हो।

इस पूरी यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि संवाद का यह क्रम सत्ता और समाज के बीच की औपचारिक दूरी को कम करने का एक आत्मीय प्रयास है। सामान्यतः नागरिक सरकार को अपनी व्यथा, आवश्यकता या अपेक्षा लिखते हैं। 'योगी की पाती' में प्रदेश का मुखिया स्वयं अपने लोगों से उनके जीवन, उनकी जिम्मेदारियों, उनकी खुशियों और साझा भविष्य की बात करता है। यह केवल पत्र लिखने की परंपरा नहीं, सार्वजनिक जीवन में संबंधों को महत्व देने की एक संवेदनशील अभिव्यक्ति है।

पचास से अधिक सप्ताह की इस यात्रा का सबसे सुंदर अर्थ यही है कि सत्ता के शिखर पर पहुंचकर भी समाज के आंगन से संबंध बना रह सकता है। शासन की वास्तविक गरिमा केवल उसके अधिकारों और निर्णयों में नहीं, उस संवेदना में भी होती है, जिसके साथ वह सामान्य मनुष्य के जीवन को देखता है। एक संन्यासी मुख्यमंत्री जब अपने विशाल प्रशासनिक दायित्वों के बीच हर सप्ताह प्रदेशवासियों को पाती लिखता है, तो उसमें केवल शासन का संदेश नहीं होता। उसमें अपने लोगों के प्रति चिंता, उनके सपनों के प्रति विश्वास और उनके सुख दुख से जुड़े रहने का आत्मीय भाव भी होता है।

आखिर चिट्ठियां उन्हीं को लिखी जाती हैं, जिन्हें हम अपना मानते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।