बारिश में जलभराव पर सख्त योगी सरकार, नालों और सीवर की नियमित निगरानी के निर्देश
योगी सरकार ने बारिश में जलभराव की समस्या को लेकर नगरीय निकायों को अलर्ट किया है। नगर विकास मंत्री अरविंद ...और पढ़ें

HighLights
योगी सरकार ने जलभराव पर नगरीय निकायों को किया अलर्ट।
वाराणसी सहित सभी शहरी क्षेत्रों में जल निकासी निगरानी के निर्देश।
लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बारिश में जलभराव से आमजन को होने वाली परेशानी को लेकर योगी सरकार ने नगरीय निकायों को अलर्ट कर दिया है। नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने वाराणसी समेत प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में नालों, सीवर लाइनों और पंपिंग स्टेशनों की स्थिति की पहले से समीक्षा कर कमियां तत्काल दूर करने को कहा है।
उन्होंने साफ किया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही या शासन के निर्देशों की अनदेखी पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर विकास मंत्री ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पहले से जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
नालों की सफाई, सीवर लाइनों की स्थिति और पंपिंग स्टेशनों की कार्यशीलता की नियमित जांच हो, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बाधित न हो। जहां व्यवस्था में कमी मिले, वहां तत्काल सुधार के काम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में जल निकासी, सीवर और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखना सरकार की प्राथमिकता है। जलभराव के तत्काल समाधान के साथ ही इसके स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है। वाराणसी में हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनहित से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी से समझौता करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाएगी।
