योगी सरकार में नगर निगमों की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हुआ मंथन, जांची सोलर सिटी परियोजनाओं की प्रगति
योगी सरकार ने 16 नगर निगमों को सोलर सिटी बनाने के लिए ₹40 करोड़ और अयोध्या को मॉडल सोलर सिटी के लिए ₹15.75 करोड़ आवंटित किए हैं। एक समीक्षा बैठक में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति जांची गई और 18 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट को 30 वाट में अपग्रेड करने का सुझाव दिया गया।

HighLights
16 नगर निगमों को सोलर सिटी बनाने हेतु ₹40 करोड़।
अयोध्या को मॉडल सोलर सिटी के लिए ₹15.75 करोड़।
18 वाट सोलर स्ट्रीट लाइट को 30 वाट में अपग्रेड करने का सुझाव।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। योगी सरकार ने प्रदेश के 16 नगर निगमों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए ₹40 करोड़ तथा मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के लिए ₹15.75 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। इस संबंध में बुधवार को सोलर सिटी परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाईमास्ट लाइट, रूफटॉप सोलर पावर प्लांट सहित विभिन्न सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान नगर निगमों की ओर से सुझाव आया कि 18 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट को 30 वाट में अपग्रेड किया जाय।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा शहरी क्षेत्रों को सौर ऊर्जा आधारित शहरों के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों को गति देने तथा स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगमों द्वारा 18 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट को 30 वाट में अपग्रेड करने तथा मोबाइल बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण सुविधा विकसित करने के सुझाव भी दिए गए।
अधिकारियों के अनुसार, बैटरी स्टोरेज की सुविधा से डीजल जनरेटर पर निर्भरता एवं ईंधन व्यय कम करने में मदद मिलेगी। प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को यूपीनेडा एवं नगर निगमों के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोलर सिटी योजना का उद्देश्य नगर निगमों में उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति 2022 अनुसार प्रदेश में नवीन ऊर्जा एवं ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देकर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करना है। इसके अंतर्गत शहरों की अनुमानित पारंपरिक ऊर्जा मांग में न्यूनतम 10 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य है। इसके लिए सरकारी भवनों, सार्वजनिक परिसरों, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य शहरी सुविधाओं का सौरीकरण किया जाएगा। बैठक में निदेशक यूपीनेडा रविंद्र सिंह एवं सचिव यूपीनेडा पंकज सिंह सहित विभिन्न नगर निगमों एवं मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।