मां का साया उठ गया... संस्कारों की छांव रह गई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी का निधन हो गया। उन्हें यह दुखद समाचार गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान, हजारों छात्रों को संबोधित करने के बाद मिला, जब वे सार्वजनिक कर्तव्य निभा रहे थे।
-1795181636856_m.webp)
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन।
गोरखपुर में संबोधन के बाद मिली मां के निधन की सूचना।
सार्वजनिक कर्तव्य निभाते हुए योगी ने सहा मां का वियोग।
प्रणय विक्रम सिंह। गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में हजारों छात्र छात्राओं के चेहरे उत्साह से खिले थे। आंखों में भविष्य के सपने थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज मंच से विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच अधिकारियों के पास एक ऐसा समाचार पहुंचा, जिसे सुनकर किसी भी पुत्र का हृदय कांप उठे।
महाराज जी की पूज्य माताजी सावित्री देवी कैलाशवासी हो गई थीं।
मंच पर संबोधन जारी था। अधिकारी असमंजस में थे। यह समाचार महाराज जी को कैसे दिया जाए? सामने हजारों विद्यार्थी भविष्य के सपने संजोए उनकी बातें सुन रहे थे और दूर पहाड़ों में वह मां संसार से विदा हो चुकी थी, जिसने कभी अपने पुत्र की आंखों में सपने सजाए थे।
अधिकारी संबोधन समाप्त होने की प्रतीक्षा करते रहे। जैसे ही महाराज जी ने अपनी बात पूरी की, उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी जी समीप पहुंचे और पूज्य माताजी के निधन की सूचना दी।
एक क्षण में दो संसार आमने सामने आ गए।
एक ओर लोक-मंगल का दायित्व था, दूसरी ओर मां के वियोग की अथाह वेदना। उस क्षण महाराज जी के हृदय पर क्या बीती होगी, इसकी कल्पना भी कठिन है। संसार उन्हें मुख्यमंत्री कहता है, गोरक्षपीठाधीश्वर कहता है, महाराज जी कहता है। लेकिन मां के लिए वे हमेशा वही पुत्र थे, जिसकी पहली दुनिया उनकी गोद में बसी थी।
सहसा छह वर्ष पुरानी एक पीड़ा भी स्मृतियों में उतर आती है।
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान महाराज जी के पूज्य पिताजी का निधन हुआ था। तब प्रदेश के प्रति अपने दायित्वों के कारण वे अंतिम संस्कार में सम्मिलित नहीं हो सके थे।
आज जीवन ने फिर वैसी ही कठोर घड़ी सामने रख दी।
तब पिता का साया उठा था। आज मां का आंचल छूट गया।
संन्यास मनुष्य को मोह से ऊपर उठने की साधना सिखाता है, लेकिन क्या मां की ममता कभी स्मृतियों से विदा होती है? जिस आंचल में बचपन बीता हो, जिस हाथ की उंगली पकड़कर चलना सीखा हो, जिस आवाज में संसार का पहला स्नेह सुना हो, उसके सदा के लिए मौन हो जाने की पीड़ा को शब्द कहां समेट पाते हैं!
गढ़वाल के पहाड़ों में माता सावित्री देवी ने सादगी और परिश्रम के बीच अपने बच्चों का पालन पोषण किया। अपने पुत्र को ईमानदारी, कठोर परिश्रम और निःस्वार्थ सेवा के संस्कार दिए। आगे चलकर उसी पुत्र ने संन्यास का मार्ग चुना और योगी आदित्यनाथ के रूप में अपना जीवन लोक-कल्याण को समर्पित कर दिया।
नाथ परंपरा में संन्यास के उपरांत माता से भिक्षा ग्रहण करने का एक अत्यंत भावपूर्ण विधान है। महाराज जी के जीवन से जुड़ा यह प्रसंग कितना मार्मिक है! जिस मां ने बचपन में अपने हाथों से पुत्र को भोजन कराया था, एक दिन उसी मां के सामने वह संन्यासी बनकर भिक्षा लेने पहुंचे।
मां ने अपने पुत्र को संसार के कल्याण के लिए समर्पित होते देखा। लेकिन उस संन्यासी के भीतर अपना पुत्र भी देखा होगा।
भारतीय इतिहास में मातृत्व की ऐसी ही निःशब्द साधना ने महान व्यक्तित्वों को आकार दिया है। जीजाबाई के संस्कारों में शिवाजी का स्वराज्य पला। जयवंता बाई की शिक्षा में महाराणा प्रताप का स्वाभिमान दृढ़ हुआ। और गढ़वाल की पहाड़ियों में मां सावित्री देवी ने अपने पुत्र के हृदय में सेवा, तपस्या और कर्तव्य के वे संस्कार रोपे, जो आगे चलकर उनके संन्यासी जीवन का आधार बने।
युग अलग थे, परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन माताओं की साधना में एक ही भाव था। संतान अपने जीवन को किसी बड़े उद्देश्य के लिए समर्पित करे।
आज अनायास ही मन उन पंक्तियों को दोहरा उठता है
जीजाबाई ने शिवाजी रचे,
जयवंता ने प्रताप महान।
सावित्री मां ने योगी गढ़े,
सेवा, तपस्या बनी पहचान।
गोरखपुर के उस मंच पर लौटिए, जहां से यह कथा आरंभ हुई थी
सामने हजारों बेटे बेटियां थीं, जिनके भविष्य को संवारने का संकल्प लेकर महाराज जी वहां उपस्थित थे। और दूर पहाड़ों में वह मां अपनी अंतिम यात्रा पर निकल चुकी थी, जिसने कभी अपने पुत्र के भविष्य के लिए जीवन भर परिश्रम किया था।
कितना मार्मिक संयोग था! जिस मां ने उन्हें दूसरों के लिए जीना सिखाया, उसी मां की विदाई का समाचार लोकमंगल के दायित्व के बीच मिला।
मां सावित्री कैलाश चली गईं
अब जीवन की कठिन घड़ियों में जब कभी मां का आशीर्वाद याद आएगा, तो माथे पर वह स्नेहिल हाथ नहीं होगा। बचपन की स्मृतियां लौटेंगी, लेकिन पहाड़ के उस घर में मां की प्रतीक्षा करती आंखें नहीं होंगी।
मां के जाने के बाद संसार वैसा ही रहता है। लोग मिलते हैं, दायित्व निभाने होते हैं, जीवन आगे बढ़ता है। बस एक आवाज सदा के लिए खो जाती है, जो बिना किसी पद, बिना किसी परिचय और बिना किसी अपेक्षा के केवल अपना बेटा पुकारती थी।
संसार के लिए वे योगी आदित्यनाथ हैं। लेकिन मां के लिए वे सदैव उनके दुलारे पुत्र ही रहे होंगे। मां सावित्री की आंखें सदा के लिए बंद हो गईं, लेकिन उनके दिए संस्कार उस पुत्र के जीवन में सदैव जीवित रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।