विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां नहीं रहीं... यह शोकार्त्त कथन है, पर वो सदा रहती हैं संतान में चिंतन बनकर

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:49 AM (GMT+05:30)

यह लेख योगी आदित्यनाथ की माता के निधन के संदर्भ में मां की संतान में शाश्वत उपस्थिति पर प्रकाश डालता है। इसमें शंकराचार्य के 'मातृ-पञ्चकम्' का उल्लेख करते हुए पुत्र धर्म और मां के प्रेम व त्याग के आध्यात्मिक महत्व पर जोर दिया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर आध्यात्मिक चिंतन।

  2. शंकराचार्य के 'मातृ-पञ्चकम्' श्लोकों का मार्मिक वर्णन।

  3. मां का संतान में चिंतन बनकर सदा उपस्थित रहना।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/लखनऊ। मां सदा रहती है संतान की नाड़ियों में स्पंदन बनकर, चेतना में चिंतन बनकर। उसको देखा जा सकता है संतान में। हां, संतान उसे अपने बाहर नहीं देख पाती और जब ऐसा घटित होता है, तब बहुत कुछ घटित होता है एक साथ।

योगी आदित्यनाथ जी महाराज की आर्द्रता विह्वल करने वाली है। अपनी मर्यादा का विचार रखते हुए भी, पुत्र-धर्म का निर्वाह करके पूज्य महाराज जी ने उस अनुशासन को प्रत्यक्ष कर दिया है, जिसमें कहा गया है कि सर्ववंद्य संन्यासी को भी प्रयत्नपूर्वक मां की वंदना करनी चाहिए।

'सर्ववंद्येन यतिना प्रसूर्वंद्या प्रयत्नतः।

श्रीमदाद्यशंकर भगवत्पाद (भगवान शंकराचार्य) के मातृ-पञ्चकम् का एक-एक श्लोक चित्त में गूंज रहा है। प्रत्येक अश्रुबिंदु उन श्लोकों के पाठ के समान है।

मुक्तामणि त्वं नयनं ममेति राजेति जीवेति चिरं सुत त्वम् ।
इत्युक्तवत्यस्तव वाचि मातः ददाम्यहं तण्डुलमेव शुष्कम् ॥१॥

तुम मेरी आंखों के मोती हो, मेरे राजकुमार, मेरे पुत्र तुम दीर्घायु हो, ऐसा कहने वाले आपके मुख में हे मां! अब मैं केवल चावल के सूखे दाने ही चढ़ाता हूं।

अंबेति तातेति शिवेति तस्मिन् प्रसूतिकाले यदवोच उच्चैः ।
कृष्णेति गोविंद हरे मुकुंदे-त्यहो जनन्यै रचितोऽयमञ्जलिः ॥२॥

मेरे जन्म के समय प्रसव पीड़ा से चिल्लाकर कहा- हे मां! हे पिता! हे शिव! हे कृष्ण! हे गोविंद! हे मुकुंद! इस प्रकार पुकारने वाली हे मां! अब मैं आपके सम्मुख बस हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं।

आस्तां तावदियं प्रसूतिसमये दुर्वारशूलव्यथा
नैरुज्यं तनुशोषणं मलमयी शय्या च सांवत्सरी ।
एकस्यापि न गर्भभारभरणक्लेशस्य यस्य क्षमः
दातुं निष्कृतिमुन्नतोऽपि तनयस्तस्यै जनन्यै नमः ॥३॥

मुझे जन्म देते समय, हे मां! तुम्हें असहनीय पीड़ा हुई। लगभग एक वर्ष तक बिस्तर पर पड़े रहने वाले मेरे मल-मूत्र से युक्त शय्या को स्वच्छ करती आपने न तो अपने शरीर की पीड़ा के बारे में कुछ बताया और न ही अपनी पीड़ादायक स्थिति के बारे में। हे मां! गर्भावस्था के दौरान आपको जो कष्ट सहना पड़ा, उनमें से एक के लिए भी प्रायश्चित करने में असमर्थ इस पुत्र का आपके चरणों में शत-शत नमन।

गुरुकुलमुपश्रित्य स्वप्नकाले तु दृष्ट्वा
यतिसमुचितवेषं प्रारुदो मां त्वमुच्चैः ।
गुरुकुलमथ सर्वं प्रारुदत्ते समक्षं
सपदि चरणयोस्ते मातरस्तु प्रणामः ॥४॥

स्वप्न में मुझे तपस्वी का वेष धारण किए हुए देखकर आप जोर-जोर से रोती हुई, मुझसे मिलने के लिए दौड़ती हुई गुरुकुल आई थीं। उस समय पूरा गुरुकुल आपके सामने रो पड़ा था। ऐसी करुणामयी हे मां! आपके चरणों में मैं बस अपना नमस्कार प्रस्तुत करता हूं।

न दत्तं मातस्ते मरणसमये तोयमपि वा
स्वधा वा नो दत्ता मरणदिवसे श्राद्धविधिना ।
न जप्त्वा मातस्ते मरणसमये तारकमनु-
रकाले सम्प्राप्ते मयि कुरु दयां मातुरतुलाम् ॥५॥

आपकी मृत्यु के समय मैंने आपको जल तक नहीं पिलाया, हे मां! आपकी मृत्यु के दिन मैंने अंत्येष्टि संस्कार के अनुसार तर्पण भी नहीं किया। न ही मैंने उस तारक मंत्र को दोहराया जो मनुष्य को इस संसार-सागर से पार कराता है। महदुख! मैं इस विपरीत समय पर आया हूं। हे मां! मुझ पर अपनी अतुलनीय करुणा बरसाओ।

मां अब बाहर नहीं दिखेंगी, न घर में न अस्पताल में, पर वे और अधिक दिखेंगी अपने भीतर, अपनी प्रतिज्ञाओं में और अपनी दुर्बलताओं में। वे उपस्थित रहेंगी हिमालय के समान अडिग संकल्पों में। शोक व्यतीत हो जाएगा और पुत्र उसे श्लोक बनाकर जीतता जाएगा जीवन-समर। सनातन भारत की आशाओं को पंख देने वाले पुत्र की माता कोई सती कोई सावित्री ही होती है। बारंबार नमन।

(आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण महाराज जी, लेखक प्रख्यात वक्ता व विचारक तथा अयोध्या स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमन्निवास के महंत हैं और यह लेख उनकी फेसबुक वॉल से लिया गया है)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।