उपचुनावः आज कैराना लोकसभा क्षेत्र मथेंगे योगी, केशव और महेंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कैराना लोकसभा क्षेत्र के अम्बेहटा पीर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कैराना लोकसभा क्षेत्र के अम्बेहटा पीर में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की यह पहली जनसभा है। अम्बेहटा पीर सहारनपुर जिले के गंगोह विधानसभा क्षेत्र में आता है जो कैराना लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। योगी और केशव वहां से वापस लौटकर शाम को छह बजे कैबिनेट की बैठक करेंगे। योगी के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भी जाएंगे जो कैराना उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं संग रणनीति बनाएंगे।
अम्बेहटा पीर में होगी जनसभा
प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री गाजियाबाद के हिंडन हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर द्वारा 12 बजकर दस मिनट पर अम्बेहटा पीर के लिए प्रस्थान करेंगे और 12 बजकर 55 मिनट पर वहां पहुंचेंगे। एक से सवा दो बजे तक अम्बेहटा पीर में उनकी जनसभा है। जनसभा के बाद दोनों नेता वापस तीन बजे गाजियाबाद के हिंडन हवाई पट्टी पहुंचेंगे। वहां से उनकी लखनऊ वापसी है। प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय वायुयान से अमौसी से गाजियाबाद पहुंचेंगे। डॉ. पांडेय दोपहर को रजवाड़ा में एक बैठक को भी संबोधित करेंगे। शाम पांच बजे हनुमान टीला पर कार्यकर्ताओं से चाय पर चर्चा करेंगे और रात्रि साढ़े नौ बजे शामली के एक होटल में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। उल्लेखनीय है कि लखनऊ में शाम छह बजे लोकभवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले होंगे। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को कैबिनेट की बैठक के लिए वापस लौटना है।
दिल्ली में अमित शाह से मिले मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की। सूत्रों के मुताबिक इस शिष्टाचार मुलाकात में शाह ने मौर्य से कैराना व नूरपुर उपचुनावों में भाजपा की स्थिति के अलावा अन्य सियासी मसलों के बारे में भी जानकारियां लीं। माना जा रहा है कि मुलाकात के दौरान राज्य के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में भी चर्चा हुई। बता दें कि मौर्य सोमवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अवनी सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली होकर गए थे।