विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- SIR में हिंदू मतदाता उदासीन बने रहे, मुस्लिमों ने दिखाई जागरूकता

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:42 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यशाला में कहा कि एसआइआर में हिंदुओं के वोट कटे, जबकि मुस्लिमों ने जागरूकता दिखाई।

कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियां सुधारने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियां सुधारने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने का आह्वान किया।

HighLights

  1. एसआइआर में हिंदुओं के वोट कटने पर योगी ने चिंता जताई।

  2. मुख्यमंत्री ने मुस्लिम मतदाताओं की जागरूकता का उल्लेख किया।

  3. भाजपा ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अभियान छेड़ा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में वोटों के कटने का मुद्दा राजनीति में नई गरमाहट पैदा कर रहा है। एसएसआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के मद्देनजर भाजपा द्वारा शुक्रवार को आयोजित प्रदेश कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 18 विधान सभा सीटों के मतदाताओं के आंकड़ों के हवाले से बताया कि यहां 2022 के चुनाव में जितने वोटों से भाजपा जीती थी, उससे कहीं ज्यादा हिंदुओं के वोट एसआइआर में कट गए हैं।

कहा कि हिंदू मतदाता एवं परिवार उदासीन बने रहे, जबकि मुस्लिमों ने जागरूकता दिखाई। मेरठ दक्षिण विधान सभा के बीएलए से फार्म-छह, सात और आठ की उपयोगिता और अंतर पूछा। वहीं, मुख्यमंत्री ने बंगाल में दुर्गा पूजा एवं रामनवमी आयोजन का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश की 2017 से पहले की याद दिलाई। सपा के एक सांसद के कांवड़ यात्रा व दुर्गा पूजा पर कथित बयान की चर्चा करते हुए कहा कि विपक्ष यूपी को दंगों की आग में झोंकना चाहता है।

भाजपा के ‘मतदाता जोड़ाे अभियान’ के अंतर्गत इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले एसएसआर में पूरी ताकत से उतरना होगा। प्रदेश की वर्तमान जनसंख्या के अनुपात में आज 2.5 करोड़ मतदाता कम हैं। चिंता जताई कि हिंदू लड़कियों की शादी होने के बाद मायके में मतदाता सूची से नाम कट जाता है, जबकि ससुराल में नवविवाहिताओं का नाम जुड़वाया नहीं जा रहा।

प्रवासी श्रमिकों और मजदूरों के वोटों को लेकर भी आगाह किया। सहारनपुर नगर विस सीट का उदाहरण देकर बताया कि पिछले चुनाव में यहां भाजपा 7434 वोटों से जीती, जबकि एसआइआर में 17,330 हिंदू वोट कम हो गए हैं। सीतापुर में 1253 वोटों से कमल खिला, जहां एसआइआर के बाद 6065 वोट घट गए। मुरादाबाद नगर सीट का आंकड़ा रखते हुए कहा कि यहां भाजपा 782 वोटों से जीती थी, जहां एसआइआर के बाद 5223 वोट कट गए हैं।

योगी ने इसी तरह मेरठ दक्षिण, अलीगढ़, बरेली कैंट, धामपुर, फरीदपुर, औराई, नकुड़, सुलतानपुर, जौनपुर, पीलीभीत नगर व छिबरामऊ विधान सभा सीटों के आंकड़ों को प्रस्तुत कर भाजपा के नुकसान की आशंका जताई। सीएम ने यह भी कहा कि बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले वोट डालने कम निकलते हैं, ऐसे में भवन के नीचे ही मतदान बूथ बनाए जाएं। 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में योगी ने कहा था कि एसआइआर में हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कट गए हैं। योगी ने फिर कहा कि 66 लाख मतदाताओं के नाम ग्राम पंचायत की सूची में हैं, लेकिन विधान सभा की वोटर लिस्ट से गायब हैं।

55 लाख लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उनका नाम सूची में नहीं मिला। कार्यकर्ताओं को सारा काम छोड़कर सूची में छूटे हुए नाम जुड़वाने के लिए कहा। नए और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने, सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों को खत्म करने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। युवाओं, महिलाओं व पहली बार मतदान करने वालों को जागरूक करने के लिए कहा। मंत्री जेपीएस राठौर ने हर बूथ पर 50 नए वोट जोड़ने का लक्ष्य दिया और कमल साथी एप का प्रयोग करने के लिए कहा।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर घर-घर जाकर अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत दर्शाए गए मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करेंगे। भाजपा युद्धस्तर पर वोटरों का नाम जुड़वाने का अभियान चलाएगी। कहा कि छूटे मतदाताओं का नाम जोड़ने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है, लेकिन राजनीतिक दल होने के नाते हम भी जिम्मेदारी निभाएंगे। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, प्रदेशभर के सभी बीएलए-एक और विस क्षेत्र प्रभारियों ने भाग लिया।

एसआइआर में कार्यकर्ताओं से कोई चूक नहीं हुई, संगठन सर्वोपरि: केशव मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एसआइआर में कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की। संगठन के स्तर से कोई चूक नहीं की गई। संगठन सर्वोपरि है और सर्वोपरि रहेगा। कहा कि संगठन इस प्रकार की बैठकें करता रहता है। सभी का लक्ष्य 2027 में कमल खिलाना है। टिकट किसी को मिले, लेकिन एक दूसरे की खिलाफत से बचते हुए भाजपा की जीत सुनिश्चित करना है। कहा कि ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन जनता को भ्रमित नहीं कर पाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।