उत्तर प्रदेश सरकार ने दी बड़ी राहत, नौकरी पर वापल लेगी बिजली विभाग के 25 हजार आउटसोर्स कर्मी
UPPCL News: 55 वर्ष की उम्र में ही सेवा समाप्त करने के नियम का आउटसोर्स कर्मचारी विरोध कर रहे थे, ...और पढ़ें

पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने कार्यवृत्त जारी होने के बाद एक दूसरे का मुंह मीठा करके खुशी जताई।
HighLights
पावर कारपोरेशन में अब 60 वर्ष की आयु तक काम कर सकेंगे कर्मी, अब तक थी 55 वर्ष
यूपीपीसीएल के साथ हुई बैठक के बाद कार्यवृत जारी, आउटसोर्स कर्मियों ने खुशी जताई
जागरण संवाददाता, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में छंटनी करके निकाले गए बिजली विभाग के 25 हजार आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी में वापस लिया जा रहा है। आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी में वापस लेने की मांग को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने स्वीकार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ लंबे समय से इसकी मांग उठा रहा था। इसके अलावा 55 वर्ष की उम्र में ही सेवा समाप्त करने के नियम का आउटसोर्स कर्मचारी विरोध कर रहे थे, अब आउटसोर्स कर्मचारी 60 वर्ष की आयु तक नौकरी कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन मुख्यालय में रविवार को प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद की उपस्थिति में निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि हटाए गए संविदाकर्मी यदि स्वस्थ हैं तो उन्हें फिर से काम पर रखा जाएगा। विभाग में लगभग 85 हजार आउटसोर्स कर्मी दो वर्ष पहले तक तैनात थे, धीरे-धीरे इनमें से 25 हजार से अधिक को सेवा से हटा दिया गया था।
बैठक के निर्णय के अनुसार, कर्मचारी 55 वर्ष की आयु पूरी करने पर पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर से फिटनेस प्रमाण पत्र लेकर आउटसोर्स एजेंसी को देंगे। उन्हें शपथ पत्र भी देना होगा कि वे काम करने के इच्छुक और सक्षम हैं। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए आउटसोर्स एजेंसियों के साथ होने वाले अनुबंधों में जरूरी संशोधन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने शक्ति भवन से कार्यवृत्त जारी होने के बाद राजधानी में एक दूसरे का मुंह मीठा करके खुशी जताई। दीपावली के पहले हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों की वापसी को लेकर बिजली उपकेन्द्रों में पदाधिकारियों का कर्मियों ने अपने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का फूल मालाओं से स्वागत किया।
