विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ यूनिवर्सिटी के वुमन हॉस्टल में खाने में निकले कीड़े, तबीयत बिगड़ी तो छात्राओं ने कुलपति कार्यालय घेरा

Published: Thu, 01 Oct 2026 01:01 PM (IST)

लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में खराब भोजन खाने से कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आक्रोशित छात्राओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की।

HighLights

  1. खराब भोजन से कैलाश छात्रावास की कई छात्राएं बीमार।

  2. आक्रोशित छात्राओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव किया।

  3. भोजन गुणवत्ता सुधारने और नियमित निगरानी की मांग।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में खराब भोजन से कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। आक्रोशित सैकड़ों छात्राएं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय पहुंच गईं और नारेबाजी शुरू कर दी।

छात्राओं ने मेस में भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। छात्राएं देर रात तक धरने पर बैठी रहीं। छात्राओं का आरोप है कि मंगलवार को छात्रावास में परोसे गए भोजन को खाने के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।

उन्हें उपचार के लिए अस्पताल तक ले जाना पड़ा। छात्राओं ने भोजन में चूहों के मल, कीड़े और अन्य अपशिष्ट मिलने का भी आरोप लगाया। घटना के बाद छात्राओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई जाती हैं, जबकि बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।

80658702

विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर से लेकर नवीन परिसर तक छात्र-छात्राएं भोजन की गुणवत्ता और मेस व्यवस्था को लेकर विरोध कर चुके हैं। ऐसे में केवल निरीक्षण के बजाय नियमित निगरानी और जवाबदेही तय करने की जरूरत है। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मेस व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

यह भी पढ़ें- शामली में कैफे में छात्रा के साथ अभद्रता, युवक ने गला दबाने की कोशिश की; CCTV में रिकॉर्ड वारदात