National Chest Summit 2026: एंजायटी और मानसिक तनाव के साथ कार्यस्थल का दबाव हो रहा घातक, सांस फूलने का भी बड़ा कारण
National Chest Summit 2026: विशेषज्ञों ने बताया कि अस्थमा के पीछे केवल बाहरी प्रदूषण ही जिम्मेदार नहीं है। घरों के ...और पढ़ें

होटल क्लार्क अवध में आयोजित नेशनल चेस्ट समिट-2026, पद्मश्री डॉ. दिगंबर बहरा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सुरेंद्र जिंदल
HighLights
नेशनल चेस्ट समिट-2026 में जुटे देशभर के रेस्पिरेटरी और पल्मोनरी मेडिसिन के विशेषज्ञ
फेफड़ों की सेहत को लेकर चिकित्सकों की उपयोगी सलाह
हर बार सांस फूलने का कारण फेफड़े या हृदय की बीमारी नहीं
डाक्टर बोले-युवाओं में अस्थमा तो बुजुर्गों को सीओपीडी का खतरा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दो कदम चलने पर सांस फूलने को कभी बढ़ती उम्र का असर माना जाता था, लेकिन अब कम उम्र में ही युवा सांस की परेशानी से जूझ रहे हैं। बच्चों और युवाओं में अस्थमा के मामले बढ़ रहे हैं तो बुजुर्ग क्रोनिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) की चपेट में आ रहे हैं।
इस तरह के मामले बढ़ने से इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (आइएलडी) भी चिंता है। आइएलडी में फेफड़े धीरे-धीरे सिकुड़कर सख्त होने लगते हैं और गंभीर स्थिति में प्रत्यारोपण तक की जरूरत पड़ रही है। चिंता की बात यह है कि खतरा सिर्फ सड़क के प्रदूषण तक सीमित नहीं है। घर की सीलन, गद्दों में मौजूद धूल के कण, पालतू जानवर और मानसिक तनाव भी सांस की परेशानी बढ़ा सकते हैं।
नेशनल चेस्ट समिट-2026 में नेशनल एकेडमी आफ मेडिकल साइंसेज के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिगंबर बहरा ने फेफड़ों की सेहत को लेकर लोगों को आगाह किया। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि हर बार सांस फूलने का कारण फेफड़े या हृदय की बीमारी नहीं होता। कई बार एंजायटी, मानसिक तनाव, कार्यस्थल का दबाव और आत्मविश्वास की कमी भी सांस फूलने का अहसास करा सकती है।
होटल क्लार्क अवध में आयोजित नेशनल चेस्ट समिट-2026 में देशभर से जुटे रेस्पिरेटरी और पल्मोनरी मेडिसिन के विशेषज्ञों ने इन बीमारियों के बढ़ते दायरे, कारणों और बचाव पर चर्चा की। पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद की चिकित्सा क्षेत्र में 50 वर्षों की सेवाओं को समर्पित इस समिट में पीजीआइ चंडीगढ़ के पूर्व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सुरेंद्र जिंदल ने कहा कि युवाओं में कम उम्र में ही सांस फूलने और शारीरिक क्षमता घटने की समस्या देखने को मिल रही है। इसकी एक बड़ी वजह शारीरिक गतिविधियों में कमी है।
युवा नियमित व्यायाम नहीं करते और पैदल चलने की आदत भी कम होती जा रही है। इसके साथ बढ़ता वजन, अनियमित खानपान, धूम्रपान और प्रदूषण फेफड़ों को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि सप्ताह में कम से कम पांच दिन 40 से 45 मिनट तेज चाल से पैदल चलें। योग और ब्रीदिंग एक्सरसाइज जरूर करें।
डॉ जिंदल ने कहा कि फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए किसी विशेष डाइट की जरूरत नहीं है। हरी सब्जियां, फल और पर्याप्त प्रोटीन वाला संतुलित भोजन लें। नमक और वसा सीमित रखें, ताकि वजन नियंत्रित रहे। निमोनिया और इन्फ्लूएंजा से बचाव के लिए टीकाकरण भी महत्वपूर्ण है। खासकर 50-55 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और सांस के मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीके लगवाने चाहिए।
सीलन, काकरोच और पालतू जानवरों से भी अस्थमा
विशेषज्ञों ने बताया कि अस्थमा के पीछे केवल बाहरी प्रदूषण ही जिम्मेदार नहीं है। घरों के भीतर मौजूद एलर्जी पैदा करने वाले तत्व भी बीमारी को बढ़ा सकते हैं। बड़े घरों में दीवारों की सीलन और फफूंद, गद्दों में मौजूद धूल के कण, काकरोच तथा पालतू जानवरों के बाल, रूसी और लार से भी एलर्जी हो सकती है। इससे संवेदनशील लोगों में अस्थमा के लक्षण उभर सकते हैं। घर में साफ-सफाई और पर्याप्त वेंटिलेशन जरूरी है।
वल्लभभाई पटेल चेस्ट इंस्टीट्यूट, दिल्ली विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ राजकुमार ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन के जरिए अब तक हर साल देशभर में ढाई लाख से अधिक लोग तंबाकू छोड़ रहे हैं। तंबाकू छोड़ने के लिए सबसे अधिक फोन उत्तर प्रदेश से आते हैं।
तनाव में भी फूल सकती है सांस
महात्मा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल, जयपुर के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ विक्रम कुमार जैन ने बताया कि कई बार मीटिंग में अचानक बुलाए जाने, प्रेजेंटेशन देने या परीक्षा के दबाव में हृदय गति और सांस लेने की रफ्तार बढ़ सकती है। इसे साइकोजेनिक ब्रीथलेसनेस कहते हैं। सांस फूलने को केवल तनाव मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पहले हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की जांच कराना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श भी लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।