पति की प्रताड़ना से आजिज महिला ने खुद को लगाई आग, 40 फीसद झुलसी-हालत नाजुक
बहराइच के हरदी थानाक्षेत्र के महसी सम्मनपुरवा का मामला है। रोज-रोज की मारपीट से आजिज महिला ने खुद को लगाई आग। अस्पताल में छोड़कर भागे ससुरालीजन।
बहराइच,जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बहराइच में पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने रविवार देर रात खुद को आग के हवाले कर दिया। हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी महसी ले जाया गया। यहां से पीड़िता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़िता 40 फीसद झुलसी है। हालत गंभीर बनी हुई है।
दहेज की मांग से तंग आकर खुद को लगाई आग
मामला हरदी थानाक्षेत्र के महसी सम्मनपुरवा का है। यहां के निवासी गुड्डू की शादी तीन वर्ष पूर्व सरवरी देवी के साथ हुई थी। पीड़िता सरवरी का आरोप है कि दहेज के लिए आए दिन पति व अन्य ससुरालीजन उसे मारते-पीटते थे। पिछले दो दिनों से पति दिन-रात पिटाई कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। चिकित्सकों का कहना है कि सरवरी 40 फीसद झुलसी है। हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से ससुरालीजन पीड़िता को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। एसओ आरपी यादव ने बताया कि अभी शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच की जाएगी।