Girl Killed Puppy Inside Car Update: डॉगी के बच्चे को सैंडिल से रौंदने वाली महिला गिरफ्तार, नोटिस देकर रिहा
Girl Killed Puppy Inside Car Update डॉगी के बच्चे को सैंडिल से रौंदने वाली महिला गिरफ्तार नोटिस देकर रिहा विवेचना में सहयोग की शर्तों पर पुलिस ने नोटिस देकर छोड़ा।
लखनऊ, जेएनएन। Girl Killed Puppy Inside Car Update: डॉगी के बच्चे को सैंडिल से रौंदने की आरोपित महिला पूजा ढिल्लों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपित महिला को विवेचना में सहयोग देने की शर्तों पर नोटिस देकर रिहा कर दिया गया। पुलिस आरोपित महिला की तलाश में छापेमारी कर रही थी। विभूतिखंड पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपित महिला के ओमेक्स रेजीडेंसी स्थित आवास पर दबिश दी, लेकिन वह घर से फरार मिली। छानबीन में पता चला कि पूजा पति के साथ घर से कहीं निकल गई है।
पुलिस की एक टीम ने पूजा के मायके में भी दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। हालांकि देर रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजने की धारा नहीं होने के कारण पुलिस ने पूजा को थाने से ही छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपित महिला से पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। महिला का वीडियो किसने बनाया था और सोशल मीडिया पर वायरल कैसे हुआ, इसके बारे में भी पुलिस पता लगा रही है।
यही नहीं वीडियो में वह महिला पूजा है अथवा कोई और पुलिस इस दिशा में भी छानबीन कर रही है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर डॉगी को सैंडिल से रौंदेते हुए महिला का दो वीडियो वायरल हुआ था। महिला के इस कृत्य से डॉगी लहूलुहान हो गया था। आरोप है कि महिला ने डॉगी की हत्या कर दी थी।