शौहर की मंजूरी के बिना लखनऊ में महिला ने किया खुला लेने का एलान, प्रकरण पर मौलानाओं की राय अलग-अलग
Talaq Initiated By Woman in Lucknow: बेबी खान हिना ने शौहर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए चार जुलाई और सात अगस्त को रजिस्टर्ड डाक से नोटिस भेजकर सुलह की कोशिश की थी, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।

बेबी खान हिना ने शौहर वस्सन खान से अलग होने के लिए खुद खुला लेने का एलान किया
HighLights
कुरान में अधिकार का हवाला देकर बेबी खान हिना ने खुद निकाह खत्म करने की प्रक्रिया अपनाने का किया दावा
जैसे पुरुष तलाक की प्रक्रिया अपनाते हैं, वैसे ही महिलाओं के लिए है खुला
रजिस्टर्ड डाक से पति को भेजा खुलानामा, प्रताड़ना और सुलह के प्रयास विफल होने की बताई वजह
धार्मिक विद्वानों में खुला की प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग राय
जागरण संवाददाता, लखनऊ। शौहर से निकाह खत्म करने के लिए अब महिला खुद खुला का अधिकार इस्तेमाल कर सकती है। लखनऊ की एक महिला का दावा है कि उसको इसके लिए शौहर की सहमति और धार्मिक संस्था की मंजूरी जरूरी नहीं है।
निकाह खत्म करने के लिए क्या महिला अपने शौहर की सहमति के बिना खुद खुला ले सकती है या इसके लिए दारुल कजा की मंजूरी जरूरी है। राजधानी में सामने आए एक मामले ने इस सवाल को फिर चर्चा में ला दिया है।
बेबी खान हिना ने शौहर वस्सन खान से अलग होने के लिए खुद खुला लेने का एलान किया है। उनका दावा है कि कुरान में मिले अधिकार के तहत 20 नवंबर को रजिस्टर्ड डाक से पति को खुलानामा भेज दिया है।
बिजनौर रोड के औरंगाबाद की बेबी खान हिना का निकाह सात अप्रैल 2019 को हुआ था। उन्होंने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बताया कि वैवाहिक विवाद सुलझाने के लिए चार जुलाई और सात अगस्त को रजिस्टर्ड डाक से नोटिस भेजकर सुलह की कोशिश की थी, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शरई अधिकार का इस्तेमाल करते हुए निकाह से अलग होने का फैसला किया।
सामाजिक कार्यकर्ता नाइश हसन ने कुरान की सूरह अल-बकरह की आयत-229 का हवाला देते हुए कहा कि इसमें महिला को वैवाहिक संबंध समाप्त करने के लिए खुला का अधिकार दिया गया है। उन्होंने केरल और तेलंगाना हाई कोर्ट के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला को खुला के लिए धार्मिक संगठनों के चक्कर लगाने और अनावश्यक शुल्क देने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने 1947 के सीतापुर के एक मामले और प्रिवी काउंसिल के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं के इस अधिकार को लेकर पहले भी कानूनी स्तर पर मामले सामने आ चुके हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस या डाक से खुला मान्य नहीं
शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने महिला की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया को अवैध बताया। उनका कहना है कि जब तक दारुल कजा या हाकिम-ए-शरा के सामने आवेदन नहीं किया जाता और वहां से फैसला नहीं होता, तब तक खुला मान्य नहीं होगा। केवल रजिस्टर्ड डाक से खुलानामा भेजने या प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देने से निकाह समाप्त नहीं हो जाता। खुला की प्रक्रिया पहले भी कई बार अपनाई जा चुकी है। पति चाहे तो मुस्लिम पर्सनल ला के तहत संबंधित मंच पर अपनी बात रख सकता है।
दारुल कजा के जरिए खुला लेना बेहतर
खुला की प्रक्रिया को लेकर सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को खुला लेने का अधिकार है। ऐसे विवादों के निस्तारण के लिए दारुल कजा की व्यवस्था है। शरई तौर पर दारुल कजा के माध्यम से खुला लिया जाए तो बेहतर होगा। शिया धर्म गुरु मौलाना सैफ अब्बास का कहना है कि खुला दारुल कजा या हाकिम-ए-शरा के सामने होना चाहिए। उनके मुताबिक, महिला की ओर से अपनाई गई यह प्रक्रिया अवैध है। पति चाहे तो मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत संबंधित मंच पर अपनी गुहार लगा सकता है।
क्या होता है खुला
आल इंडिया मुस्लिम महिला पर्सनल ला बोर्ड की राष्ट्रीय अध्यक्ष शाइस्ता अंबर ने ने बताया कि खुला मुस्लिम महिला को प्राप्त वैवाहिक अधिकार है। जब महिला शौहर के साथ वैवाहिक जीवन जारी नहीं रखना चाहती तो वह महर या अन्य निर्धारित प्रतिफल लौटाने अथवा माफ करने की पेशकश के साथ निकाह समाप्त करने की पहल कर सकती है।
कुरान की सूरह अल-बकरह की आयत इसका धार्मिक आधार है। खुला में महिला स्वयं विवाह विच्छेद की इच्छा व्यक्त करती है। इसकी प्रक्रिया और वैधता को लेकर अलग-अलग धार्मिक व्याख्याएं भी प्रचलित हैं। मुस्लिम महिला विच्छेद अधिनियम के तहत कोर्ट भी जा सकती है। जैसे पुरुष के लिए तलाक है वैसे महिलाओं के लिए खुला शब्द का प्रयोग होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।