आईनॉक्स मॉल स्थित रेस्टोरेंट में हंगामा, प्रतिबंधित मांस परोसने का आरोप Lucknow news
नाराज महिला ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट। पुलिस ने खाने के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजा।
लखनऊ, जेएनएन। गोमतीनगर आईनॉक्स मॉल में स्थित बारबेक्यू नेशन रेस्टोरेंट में एक महिला ने प्रतिबंधित मांस परोसने का आरोप लगाया। आरोप के चलते रेस्टोरेंट में हंगामा मच गया। तत्काल मौके पर पुलिस भी पहुंची और खाने के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा। नाराज महिला ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर अमित कुमार दुबे के मुताबिक रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीडि़त ने रेस्टोरेंट मैनेजमेंट पर लीपा-पोती का आरोप लगाया।
इस मामले में रेस्टोरेंट के मनीष पांडेय का कहना है कि आरोप गलत है। हम लोग पूरी तरह जांच के बाद ही नानवेज या किसी तरह की खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करते हैं। वहीं डीओ एसपी सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा आरोप भी है तो भी जांच की जाएगी।