बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा ने राष्ट्रपति से लगाई परिवार की सुरक्षा की गुहार
BSP MLA Mukhtar Ansari जेल में बंद बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा ने इसी बीच राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। यह जानकारी मुख्तार अंसारी के बड़े भाई तथा गाजीपुर के बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने दी है।
लखनऊ, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के अवैध निर्माण के साथ ही अवैध धंधों पर योगी आदित्यनाथ सरकार की लगातार कार्रवाई से दबंग के परिवार के लोग भयभीत हैं। पंजाब के गुरदासपुर की जेल में बंद मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर परिवार के लोगों की सुरक्षा की मांग की है।
बहुजन समाज पार्टी से मऊ से विधायक गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के अवैध निर्माण को गिराने के साथ प्रदेश सरकार उसके सभी अवैध धंधों को बंद कराने में लगी है। इसके तहत मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा तथा बेटों के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज कराया गया है। लखनऊ के साथ ही वाराणसी, मऊ व गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में अन्य अवैध निर्माण को भी खोजा जा रहा है।
जेल में बंद बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा ने इसी बीच राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। यह जानकारी मुख्तार अंसारी के बड़े भाई तथा गाजीपुर के बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने दी है।
इस पत्र में अफशा अंसारी ने कथित तौर पर राजनीतिक दुराग्रह की भावना से सत्ता का दुरुपयोग कर हो रही अन्याय पूर्ण कार्रवाई का उल्लेख किया है। उन्होंने आशंका जताई है कि भाजपा सरकार के इशारे पर विधायक मुख्तार अंसारी, उनके दोनों बेटों अब्बास व उमर सहित अन्य परिजनों के साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।
उन्होंने अपने पति की सभी मुकदमों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस से कराए जाने के लिए राष्ट्रपति से आवश्यक मार्गदर्शन जारी करने का अनुरोध किया है। आपको बता दे कि मुख्तार अंसारी आपराधिक मामले में पंजाब की एक जेल में बंद हैं।
मुख्तार अंसारी के भाई और गाजीपुर से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी का पत्र मीडिया को जारी किया था, जो राष्ट्रपति को लिखा गया था। अफशा अंसारी ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में परिवार पृष्ठभूमि का हवाला दिया है। जिसमें लिखा है कि देश के पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मुख्तार अंसारी, ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शौकतुल्लाह उनके ही परिवार के हैं।