विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

13 करोड़ की मॉर्फिन का नेपाल-हरियाणा कनेक्शन, पश्चिमी यूपी में ऐसे तैयार हो रहा था नशे का सामान

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:00 AM (IST)

नेपाल और हरियाणा से मादक पदार्थ बनाने का कच्चा माल लाकर पश्चिमी यूपी में हेरोइन तैयार की जा रही थी। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. नेपाल-हरियाणा से आता था मादक पदार्थ का कच्चा माल।

  2. पश्चिमी यूपी में रसायनों से तैयार होती थी हेरोइन।

  3. एएनटीएफ 13 करोड़ की मॉर्फिन बरामदगी की जांच में जुटी।

आयुष्मान पांडेय, लखनऊ। नेपाल और हरियाणा से मादक पदार्थ बनाने का कच्चा माल लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद गिरोह के सदस्य अलग-अलग ठिकानों पर रसायनों की मदद से हेरोइन तैयार कराकर छोटे पेडलरों तक पहुंचाते थे।

जानकीपुरम में घर के भीतर ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद अब दुबग्गा में 13 करोड़ रुपये की मार्फिन बरामदगी ने इस नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) अब कच्चा माल और रसायन उपलब्ध कराने से लेकर तैयार नशीले पदार्थ की सप्लाई करने वालों तक पहुंचने में जुटी है।

मोहम्मद जुहैल और मोहम्मद अमजद भी इसी नेटवर्क की कड़ी

कच्चा माल नेपाल और हरियाणा से लाकर पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों में जमा किया जाता था। रसायनों की मदद से हेरोइन तैयार कर उसे छोटे पेडलरों के जरिये बाजार में खपाने की तैयारी की जाती थी। सोमवार देर रात दुबग्गा में एक घर से 13 करोड़ रुपये की मार्फिन के साथ पकड़े गए बाराबंकी निवासी मोहम्मद जुहैल और मोहम्मद अमजद भी इसी नेटवर्क की कड़ी बताए जा रहे हैं।

जांच में हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख रसायन एसिटिक एनहाइड्राइड की आपूर्ति करने वाले मुरादाबाद निवासी पिंकू उर्फ जोगेश का नाम सामने आया है। एएनटीएफ के मुताबिक, पिंकू फिलहाल जेल में है। इससे पहले वर्ष 2025 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) भी उसे गिरफ्तार कर चुका है। अब जांच एजेंसियों को आशंका है कि उसके संपर्क में रहे कुछ लोग रसायनों और कच्चे माल की तस्करी में सक्रिय हैं।

यह भी पढ़ें- नवरात्र में भर रही सरकार की तिजोरी, लखनऊ में 24 घंटे में रजिस्ट्री से इकट्ठा हुआ 6.40 करोड़ का राजस्व

जानकीपुरम की फैक्ट्री से मिले सुराग: जानकीपुरम में घर के भीतर संचालित ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। इसके बाद एएनटीएफ ने भी इस तरह के नेटवर्क से जुड़े इनपुट जुटाने शुरू किए। अब ग्रामीण इलाकों में सक्रिय लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।