UP weather: तीन-चार दिन रहेगी भीषण उमस भरी गर्मी, तापमान 48 डिग्री
उत्तर प्रदेश में शिखर की ओर बढ़ते पारे ने रात आए आंधी पानी के प्रभाव को समाप्त कर दिया। अब अगले कई दिन तक मिलने की उम्मीद नहीं है।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में चालू मौसम के शिखर की ओर बढ़ते पारे ने रात आए आंधी पानी के प्रभाव को समाप्त कर दिया। कई जिलों में पारा बढ़ते-बढ़ते ऊंचाइयों को छू गया। फिलहाल गर्मी से राहत नहीं है और आगे कई दिन तक राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है। हालांकि 30 व 31 मई को हल्की बदली छाने के आसार अवश्य हैं लेकिन इससे वातावरण में उमस बढ़ेगी। गर्मी से फिलहाल छुटकारा नहीं मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों तक लोगों को भीषण उमस व गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। गत कई दिनों से लोग उमस व गर्मी से बेहाल हैं।
शुक्रवार सुबह से ही पारे ने उछाल भरी। सुबह से ही चटख धूप निकली रही। इसका नतीजा यह कि कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में हवा की रफ्तार भी कम रही, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तरी पूर्वी दिशा से हवा चलेगी। साथ ही 30 व 31 मई को हल्की बदली छाने की उम्मीद है,लेकिन इससे वातावरण में उमस घुल जाएगी। आंधी और लू के चलते मरने वालों की संख्या बढ़ी, गुरुवार रात आंधी से इलाहाबाद में दो लोगों की मौत हुई। गर्मी के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
शुक्रवार उन्नाव में डायरिया से एक, अलीगढ़ में दो बच्चों और इलाहाबाद में टे्रन में गर्मी के चलते एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को मीरजापुर में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हुई। गुरुवार देर शाम आई आंधी व बारिश के बाद भी शुक्रवार का मौसम बेहद गर्म रहा। महोबा में अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा में 46, जालौन में 45, हमीरपुर में 42.02, उन्नाव में 45, फतेहपुर में 43, इटावा में 45, औरैया में 45, फर्रुखाबाद में 45.2, कन्नौज में 43 व कानपुर देहात में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। उन्नाव में एक बच्चे की डायरिया से मौत हो गई।
बढ़ते ताप से आंधी पानी बेअसर
सप्ताह भर से जारी सूरज की तपिश की वजह से शुक्रवार का दिन भी तपता रहा। गुरुवार रात कई जिलों में आंधी पानी के बावजूद भी दिन होते इसका असर गुम हो गया। दिन चढ़ते ही पारा भी आसमान की आंच में ऊंचाई तय करता गया। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि देर रात आंधी पानी की मामूली ही स्थितियां बनी हैं जिसकी वजह से कुछ जगहों पर छींटें ही पड़ीं। फिलहाल अब उमस की स्थिति भी बन रही है, वातावरण से नमी मिली तो दो तीन दिनों में फिर बूंदा बांदी हो सकती है। मीरजापुर के सिंदुरिया गांव में शुक्रवार भोर बिजली गिरने से नीलेश (25) की मौत हो गई जबकि मऊ, जौनपुर, सोनभद्र और मीरजापुर आदि जिलों में आंधी पानी से आम की फसल का नुकसान हुआ है। गर्मी और उमस बढऩे से अस्पतालों में डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।