उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर हाई अलर्ट, कुछ हिस्सों में बूंदाबादी और बारिश
उत्तर प्रदेश में उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने तूफान की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिम में आज दोपहर बारिश-बूंदाबादी हुई जबकि मध्यवर्ती इलाकों में धूप के बीच बदली आती-जाती रही।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज आज दिन भर बदला-बदला सा दिखा। मौसम के बदले रुख को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। समझा जाता है कि आने वाले 24 घंटों में आंधी-पानी और तूफान आने जैसे हालात बन सकते हैं। सरकार की ओर से वेस्ट यूपी के जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। दरअसल पश्चिमी इलाके से आज दोपहर से शुरू हुआ मौसम का बदलाव शाम तक मध्य उत्तर प्रदेश में में बदली बनकर छा गया। वेस्ट यूपी में करीब दो बार बारिश हुई। मुरादाबाद रामपुर, अमरोहा, विजनौर और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी और बरसात होने की खबर है। सेंट्रल यूपी में सुबह बादल छाए रहे। दो बार हल्की बूंदाबांदी हुई। बादल देखकर ऐसा लग रहा था कि तेज आंधी या तूफान आने वाला है लेकिन कुछ देर बाद धूप निकल आई।
यूपी में तूफान की आशंका को लेकर अलर्ट
यूपी में तूफ़ान आने की आशंका को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। यूपी शासन ने भी पश्चिमी यूपी को सभी आलाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। मेरठ, सहारनपुर, मुज़फ़रनगर, ग़ाज़ियाबाद, आगरा मंडल, अलीगढ़ मंडल, बागपत, बरेली मंडल, मुरादाबाद मंडल समेत सहित सभी ज़िलाअधिकारियों को अलर्ट के निर्देश हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घण्टे मुश्किल भरें हो सकते हैं। मौसम का प्रभाव इन जिलों के अलावा पूरे यूपी में रहेगा।
सुबह धूप, दोपहर बादल फिर बारिश
मुरादाबाद और आसपास सुबह धूप, दोपहर में बादल, फिर हवाएं और शाम को तेज बारिश हुई। कुछ देर बाद बारिश थम गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल के माह में ही गर्मी ने लोगों को हाल बेहाल कर दिया है। तपती गर्मी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दिन में गर्म हवाओं ने चेहरे पर कपड़ा लपेटने का मजबूर कर दिया। दिन-प्रतिदिन गर्मी बढ़ती जा रही है। वैसे सुबह-सुबह आसमान साफ नहीं था। नौ बजे सूरज निकला। कुछ देर बार आसमान में बादल छा गये। बादलों की आवाजाही से तापमान पर ब्रेक लगा। हवाएं चलीं लेकिन शाम को चार बजे करीब बूंदाबादी शुरू हो गई। कुछ देर बाद तेज बारिश हुई। कहीं -कहीं मूसलाधार बारिश भी हुई। तेज हवा और गरज के साथ बदलों ने किसानों को डरा दिया।