विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ के हालात, सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे हवाई सर्वेक्षण

Published: Mon, 05 Oct 2026 01:59 PM (IST)

Flood Situation in Lucknow: फैजुल्लागंज इलाके के लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना एक चुनौती बन गया है। यहां ...और पढ़ें

HighLights

  1. राजधानी में फैजुल्लागंज के साथ बक्शी का तालाब और इटौंजा का क्षेत्र में बड़ी आबादी प्रभावित

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निरीक्षण की सूचना से हरकत में आया प्रशासन

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : राजधानी लखनऊ का बड़ा क्षेत्र लगातार बरसात के बाद गोमती नदी के बढ़ रहे जलस्तर से बीते सात दिनों से हालत खराब हो रहे हैं। गोमती नदी का जल हनुमान मंदिर परिसर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही फैजुल्लागंज में स्थिति काफी विकट हो गई है।

लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों के बीच आज सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा है। दोपहर तीन बजे वह फैजुल्लागंज का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बाढ़ राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसके बाद इटौंजा में भी प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटेंगे।

बीकेटी में राहत अभियान तेज है और फैजुल्लागंज में भी मंत्री के साथ विधायक सक्रिय हो रहे हैं। डीएम विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने नाव से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। इसके साथ गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

फैजुल्लागंज इलाके के लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना एक चुनौती बन गया है। यहां पर बाढ़ के पानी ने सड़कों और गलियों को जमा पानी में बदल दिया है। गोमती नदी में पानी का लेवल बढ़ने से बाढ़ आई है, जिससे कई निचले इलाके डूब गए हैं और स्थानीय लोगों के लिए आना-जाना, ज़रूरी चीजें पाना और अपने रोज के काम करना मुश्किल हो गया है।

यहां पर दुकानें बंद होने और गाड़ियों के पानी में डूबे होने से लोगों को जरूरी सामान मिलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को कमर तक पानी से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और अक्सर भीगते हुए घर लौटना पड़ रहा है।

पानी बढ़ने के कारण लोगों के आशियानों पर भी संकट मंडराने लगा है। जलभराव के बीच देखते ही देखते एक घर की दीवार भरभराकर गिर रही हैं। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। 12 विद्युत ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद की गई और "नया बना प्रेरणा स्थल भी बाढ़ के पानी में डूबा है।

कई इलाकों में डेढ़ फीट तक रोड जलमग्न है। फैजुल्लागंज में मामा कॉलोनी और दाऊद नगर डूब गया है। इसके साथ ही मेहंदी घाट, गुलाला घाट व हयात नगर जलमग्न हैं। घैला व अल्लू नगर डुगरिया में बाढ़ का पानी घुसा है। मिल्लत नगर में चार दिनों से लोग घरों में कैद हैं।

जलस्तर अगले 24 घंटों में और बढ़ने की संभावना

गोमती नदी का जलस्तर अगले 24 घंटों में और बढ़ने की संभावना है। नदी का पानी दो फीट तक बढ़ सकता है। इसको देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है। यहां के जेहटा-माल रोड पर भी बाढ़ का पानी पहुंचा है।