उत्तर प्रदेश में नये मतदाता बनने को उमड़े युवा और महिलाएं, एक दिन में 7.15 लाख आवेदन
SSR in UP: महिलाओं और युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी से इस दिशा में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने निर्वाचन आयोग का उत्साह बढ़ा दिया
HighLights
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रदेश में फार्म-6 प्राप्त करने का बना नया रिकार्ड
इससे पहले 24 अक्टूबर को मिले थे 4.20 लाख और 22 नवंबर को 3.99 लाख आवेदन
दावा एवं आपत्ति अवधि 16 दिसंबर तक
पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए करें आवेदन
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रदेशभर में युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने निर्वाचन आयोग का उत्साह बढ़ा दिया है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार 28 नवंबर को एक ही दिन में 7.15 लाख फार्म-6 प्राप्त हुए। यह अब तक किसी एक विशेष अभियान दिवस में मिले आवेदनों की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले 24 अक्टूबर को 4.20 लाख और 22 नवंबर को 3.99 लाख आवेदन मिले थे। अब निर्वाचन आयोग की नजर 16 दिसंबर तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि पर है, जिसमें अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने का लक्ष्य है।
''कोई मतदाता न छूटे'' के ध्येय वाक्य के साथ रविवार को प्रदेशभर में चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह दस से शाम चार बजे तक मौजूद रहे। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ नाम और अन्य विवरण में संशोधन के लिए नागरिकों को जरूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों का उद्देश्य केवल मतदाता सूची में नाम जोड़ना नहीं, बल्कि लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया और विभिन्न फार्मों की जानकारी देना भी है। बड़ी संख्या में ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। महिलाओं और युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी से इस दिशा में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में (https://voters.eci.gov.in) पोर्टल अथवा ईसीआइनेट एप के माध्यम से जांच सकते हैं। नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन या निवास स्थान बदलने के लिए फार्म-8 भर सकते हैं। आवेदन का रेफरेंस नंबर डालकर उसकी स्थिति भी देखी जा सकती है।