नगर निगम कार्यालय में छलकाए जा रहे थे जाम, वीडियो हुआ वायरल- जांच के आदेश
अयोध्या में नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों के शराब पीने की वीडियो वायरल महापौर ने नगर आयुक्त को सौंपी जांच।
अयोध्या, जेएनएन। नगर निगम निर्माण अनुभाग कार्यालय के जिम्मेदार एवं कर्मचारियों की हरकत ने महकमे को शर्मसार कर दिया है। होली के अवकाश से पूर्व शनिवार को चीफ इंजीनियर का दफ्तर शराब का मयखाना बन गया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया।
मर्यादा को ताक पर रखकर इंजीनियर, कर्मचारी जाम छलकाते नजर आए। यह घटना दोपहर में तीन से चार बजे के बीच की है। हालांकि अपनों के हाथ नगर निगम मर्यादा जब तार-तार हो रही थी, तब चीफ इंजीनियर अवकाश पर थे, लेकिन बगल के कमरे में अधिशासी अभियंता पीके सिंह मौजूद थे। मातहतों की करतूत से पीके सिंह ने अपने को अंजान बताया। नगर निगम के ऐसे हाथ, जिन पर अयोध्या को संवारने की जिम्मेदारी है उनके इस दुराचरण ने नगर निगम की छवि को धूमिल कर दिया है। शराब पार्टी में दो अवर अभियंता, एक कर्मी व एक पार्षद का शामिल होना बताया गया है।
इस करतूत की वीडियो सामने आने के बाद महापौर रिषिकेश उपाध्याय ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ल को जांच का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि होली का अवकाश समाप्त होने के बाद अभियंता व कर्मियों की आपत्तिजनक हरकत पर निगम प्रशासन कठोर कार्रवाई कर सकता है। निर्माण अनुभाग कार्यालय में शराब की पार्टी चलने की भनक वहां मौजूद जिम्मेदारों को भी न होना संदेह पैदा करने वाला है। जांच में उन्हें भी सवालों का सामना करना पड़ सकता है। नगर आयुक्त ने कहाकि महापौर की ओर से जांच करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। जांच के उपरांत रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाएगी।