अंडरवल्र्ड डॉन विक्की गोस्वामी का गुर्गा जय मुखी गोरखपुर से गिरफ्तार
एसटीएफ की गोरखपुर इकाई ने मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर, केन्या में रह रहे अंडरवल्र्ड डान विक्की गोस्वामी के गुर्गे जय मुखी को सोमवार को गिरफ्तार किया।
लखनऊ। एसटीएफ की गोरखपुर इकाई ने मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर, केन्या में रह रहे अंडरवल्र्ड डान विक्की गोस्वामी के गुर्गे जय मुखी को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि विक्की के भारत में फैले नशे के कारोबार की अहम कड़ी जय मुखी था।
सिंधी कालोनी, सायन वेस्ट, मुंबई निवासी जय मुखी के गैंग के नौ लोगों को मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा था। उनसे पूछताछ में गैंग सरगना जय मुखी के बारे में पता चला। उसके गोरखपुर में मौजूद होने की सूचना पर मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ से मदद मांगी। एसटीएफ के एसएसपी अमित पाठक ने गोरखपुर इकाई के पुलिस उपाधीक्षक विकास त्रिपाठी को यह जिम्मेदारी दी। विकास त्रिपाठी की टीम ने मुंबई क्राइम ब्रांच के साथ जय मुखी को रेलवे स्टेशन रोड से गिरफ्तार किया।
23 सौ टन बरामद हुआ था नशीला पदार्थ : मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने उपनगर थाणे से 12 अपै्रल को पनवेल (मुंबई) निवासी सागर सुरेश पोवले और मयूर सुरेश सुदरे को गिरफ्तार किया था। उनके पास से नशीली दवा की बड़ी खेप मिली थी। उनसे पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस ने सात और लोगों, सोलपुर निवासी राजेंद्र, शंकर धोले व धनेश्वर, बिरार निवासी पुनीत शृंगी व मनोज जैन, नवी मुंबई निवासी हरदीप सिंह और अहमदाबाद, गुजरात निवासी नरेंद्र काचा को गिफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 23 सौ टन नशीली दवा की खेप बरामद की गई। जय मुखी गैंग के सदस्य मनोज जैन की मुंबई में एवन लाइफ साइंसेज के नाम से दवा की फैक्ट्री है। इसी फैक्ट्री की आड़ में यह गैंग नशे के कारोबार का संचालन करता था।
नेपाल में ली थी शरण : मुंबई से फरार होने के बाद जय मुखी ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में शरण ली थी। सोमवार को किसी काम से गोरखपुर आया। इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जय मुखी कई देशों में विक्की गोस्वामी के नशे के कारोबार का नेटवर्क का संचालन करता था। इस सिलसिले में विभिन्न देशों की यात्रा भी करता था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से मिली पासपोर्ट में केन्या व चीन सहित कई देशों में यात्रा करने का प्रमाण मिला है। इसी साल जनवरी में वह केन्या अपने आका से मिलने गया था।
वक्की समेच दो अन्य की तलाश : वैसे तो फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी के साथ केन्या में रह रहे विक्की गोस्वामी की तलाश सत्रह मुल्कों की पुलिस कर रही है लेकिन मुंबई पुलिस को हाल में पकड़ी गई नशीली दवा की खेप के बाद उसके साथ ही जय मुखी के लिए काम करने वाले दो अन्य युवकों की तलाश है। इसमें से एक किशोर राठौर, गुजरात का रहने वाला तो दूसरा सुशील कुमार पनवेल मुंबई का है।