विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गठबंधन के नाम पर वोट मांगने वालों को शर्म नहीं आती'; लखनऊ में बोले- उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:00 AM (IST)

लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए 'माफिया राज' और 'गोलीकांड' का जिक्र किया।

लखनऊ में मंगलवार को उत्तराखंड महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सम्मान करते आयोजक , साथ में उपस्थित उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंहव उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज

लखनऊ में मंगलवार को उत्तराखंड महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सम्मान करते आयोजक , साथ में उपस्थित उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंहव उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज

HighLights

  1. लखनऊ में धामी ने विरोधियों पर 'माफिया राज' को लेकर साधा निशाना।

  2. उत्तराखंड महोत्सव में धामी ने अपनी जन्मभूमि-कर्मभूमि संबंध बताया।

  3. पीएम मोदी, सीएम योगी के विकास कार्यों की जमकर सराहना की।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विरोधियों पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नाम पर कुछ लोगों का वोट मांगने वालों को सब जानते हैं। गोलीकांड लोगों के जेहन में आज भी है। यहां कभी माफिया राज था, ऐसे लोग किस मुंह से वोट मांग रहे हैं, उन्हें शर्म नहीं आती। वह मंगलवार को बीरबल साहनी मार्ग स्थित भारत रत्न गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक स्थल में उत्तराखंड महोत्सव में मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और परंपराएं पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही हैं। लखनऊ आकर ऐसा लगा जैसे अपने घर आ गया हूं। यहां से उनका भावनात्मक रिश्ता रहा है। उन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई यहीं से की है। उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि है तो उत्तर प्रदेश अनंत कर्मभूमि। महोत्सव अपनी माटी, परंपरा और पूर्वजों की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि आदि कैलाश, ओम पर्वत और बाबा नीब करौरी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के सीमांत गांवों को देश का पहला गांव बताकर उनका सम्मान बढ़ाया है।

धामी ने सीएम योगी के विकास कार्यों को सराहा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना की। कहा कि पहले माफिया राज और खराब सड़कों की समस्या थी, लेकिन अब एक्सप्रेसवे के निर्माण से आवागमन आसान हुआ है और निवेश बढ़ा है।

इससे पहले उत्तराखंड के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने यमुना, शारदा और सरयू नदी से जुड़े पर्यटन सर्किट विकसित करने का सुझाव दिया।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में छह हजार से अधिक होम स्टे हैं और चारधाम यात्रा में 61 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच लंबित विवादों को योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने आपसी समन्वय से सुलझाया है।

अयोध्या, काशी और मथुरा के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, पार्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने चार विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया। इससे पहले उत्तराखंड के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

यह भी पढ़ें- यूपी में छह माह बढ़ेगा पंचायतों के प्रशासकों का कार्यकाल, योगी कैबिनेट की बैठक में मिल सकती है मंजूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।