UP Weather Update: यूपी में अब कड़ाके की ठंड का दिखेगा असर! कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी
UP Weather Update यूपी में अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 दिसंबर को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ: UP Weather Update: दिसंबर भी गुजरने वाला है, लेकिन अभी तक लोगों को ठिठुरन या कड़ाके की ठंड का अनुभव नहीं हुआ है। शनिवार को बूंदाबांदी के बावजूद तापमान में कमी दर्ज नहीं की गई। रविवार को मौसम साफ रहेगा, हालांकि कुछ जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
28 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। नजीबाबाद, मुरादाबाद और मेरठ में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। लखनऊ में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
रविवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
घने कोहरे की चेतावनी जारी
29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा घना रहेगा।
.jpg)
पांच से छह डिग्री गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन यह गिरावट सामान्य से ऊपर ही रहेगी। इससे कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम है। लखनऊ में मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों और एनसीआर में घना कोहरा छाया रहेगा। एक जनवरी से हवा चलने के बाद कोहरे में कमी आ सकती है।
वर्षा के बाद बढ़ी सर्दी, अब पड़ेगा कोहरा
आगरा शहर में शुक्रवार को वर्षा होने के बाद शनिवार को सर्दी बढ़ गई। सुबह कुछ देर धूप निकली, लेकिन फिर बादल घिर आए। अधितम तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ गई। शाम को शहर में धुंध का असर देखने को मिला। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ ही कोहरा पड़ेगा। रविवार व सोमवार को घना कोहरा पड़ सकता है। शहर में शुक्रवार रात आठ से देर रात दो बजे तक रुक-रुक कर वर्षा हुई थी। तेज हवा चलने से मौसम ठंडा हो गया था।
धूप निकलने के बाद छाए बादल
शनिवार सुबह सूरज निकला। ऐसा लग रहा था कि दिनभर धूप खिलेगी। 11 बजे के करीब बादल घिर आए। इसके बाद दिनभर सूरज ने दर्शन नहीं दिए। बादल ही छाए रहे। शाम को शहर के खुले क्षेत्रों में धुंध का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ गई। इससे लोग कांपते रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है और वर्षा हुई है। रविवार व सोमवार काे घना कोहरा पड़ सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 31 दिसंबर को हल्का कोहरा रहेगा, जबकि एक जनवरी को सुबह के समय कोहरा और दोपहर में आसमान साफ रहेगा। दो व तीन जनवरी को कोहरा पड़ सकता है।
ये भी पढ़ेंः कश्मीर में थमी जिंदगी की रफ्तार! बर्फबारी से सभी उड़ानें रद, रेल सेवा ठप; बिजली व पानी का भी संकट
ये भी पढ़ेंः Bihar Weather: बारिश से बढ़ी ठिठुरन रहेगी बरकरार, नए साल को लेकर भी IMD ने जारी कर दिया ये बड़ा अपडेट
1997 में हुई थी दिसंबर में सर्वाधिक वर्षा
मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार शुक्रवार काे 19 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई। दिसंबर के मौसम विभाग के पास उपलब्ध रिकार्ड के अनुसार 10 दिसंबर, 1997 को सर्वाधिक 42.4 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।