उत्तर प्रदेश के राज्यकर्मियों की बल्ले-बल्ले! दिवाली से पहले योगी सरकार देगी बोनस और महंगाई भत्ता
उत्तर प्रदेश में दिवाली से पहले आर्थिक और कारोबारी गतिविधियों में तेजी आई है, जिससे राज्य सरकार की कर राजस्व प्राप्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
दिवाली से पहले यूपी में आर्थिक और कारोबारी गतिविधियां तेज हुईं।
सितंबर में कर राजस्व पिछले साल से 3332 करोड़ रुपये अधिक मिला।
राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बोनस और महंगाई भत्ता मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दिवाली से पहले ही प्रदेश में आर्थिक और कारोबारी गतिविधियों में तेजी आ गई है। बाजारों में खरीदारी बढ़ने से राज्य सरकार की करों से प्राप्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पिछले वर्ष सितंबर के मुकाबले इस बार सरकार को करों से 3332 करोड़ रुपये अधिक प्राप्त हुए हैं। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया है कि प्रदेश में आने वाले महीनों में कारोबारी गतिविधियां और तेज होंगी।
दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों को बोनस और महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दिया जाएगा, जिसे लोग खुलकर खर्च कर सकेंगे।
सितंबर में 18,570 करोड़ मिला राजस्व
मंगलवार को सितंबर माह की राजस्व प्राप्तियों पर आयोजित प्रेस वार्ता में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार जनता की खुशहाली की दिशा में कार्य कर रही है। दिल्ली में होने जा रही जीएसटी काउंसिल की बैठक में जीएसटी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को सरल करने का काम होगा।
उन्होंने बताया कि सितंबर में कर करेत्तर राजस्व से सरकार को 18,570 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्ष सितंबर में मिले 15,238 करोड़ रुपये से 3332 करोड़ रुपये अधिक हैं। इस बार सितंबर में जीएसटी से 7053, वैट से 2628, आबकारी से 4611, स्टांप एवं निबंधन से 3054, परिवहन से 1001 तथा भूतत्व एवं खनिकर्म से 223 करोड़ रुपये राजस्व मिला है।
सभी करों में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक धनराशि प्राप्त हुई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर माह तक 1,60,876.57 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य के मुकाबले 1,19,769.53 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो तय लक्ष्य का 74.4 प्रतिशत है।
