विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather Today: मुरादाबाद-बरेली समेत 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Published: Mon, 28 Sep 2026 07:33 AM (IST)Updated: Mon, 28 Sep 2026 07:55 AM (IST)

मौसम विभाग ने मुरादाबाद, रामपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और 28 जिलों में मेघगर्जन व वज्रपात की चेतावनी ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. सितंबर में यूपी में सामान्य से 1084% अधिक बारिश दर्ज।

  2. यूपी का वर्षा विचलन माइनस से प्लस आठ प्रतिशत हुआ।

  3. कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात की चेतावनी जारी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सितंबर के आखिरी दिनों में हुई झमाझम बारिश ने प्रदेश के मानसूनी वर्षा आंकड़ों का रुख ही बदल दिया। 25 से 27 सितंबर के बीच प्रदेश में दीर्घावधि औसत 9.4 मिलीमीटर रहती है, लेकिन इसके सापेक्ष इन तीन दिनों में 111.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

यानी सामान्य से 1084 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार इतनी बारिश असामान्य है। लगातार तीन दिन हुई इस बारिश का असर प्रदेश के मौसमी वर्षा विचलन (किसी क्षेत्र में औसत से कम या अधिक बारिश) पर भी साफ दिखाई दिया है।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मथुरा, शामली, गौतमबुद्धनगर, बागपत और गाजियाबाद को छोड़कर प्रदेश के शेष 70 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। इसका परिणाम यह रहा कि 25 सितंबर को प्रदेश का ऋतुकालीन वर्षा विचलन जहां माइनस छह प्रतिशत था, वह बढ़कर प्लस आठ प्रतिशत पहुंच गया।

यानी मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश की स्थिति अब सामान्य से अधिक बारिश में बदल गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश ने भी मानसूनी बारिश के आंकड़ों में पहली बार बढ़त दर्ज की। इस मानसून ऋतु में पहली बार पूर्वी यूपी में वर्षा विचलन धनात्मक होकर प्लस दो प्रतिशत पहुंच गया। लगातार हुई बारिश ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के वर्षा आंकड़ों में आई कमी को काफी हद तक भर दिया है।

सोमवार को मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके अलावा श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी वर्षा के आसार हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के 28 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। हवा की गति सामान्यतः 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंकों में इसकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

इन जिलों में हो सकता वज्रपात

देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर के साथ सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में मौसम के तेवर बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- यूपी के स्कूलों में अब रील और शार्ट्स के अंदाज में होगी पढ़ाई, Gen-Z और Gen-Alpha के लिए बदला स्टडी ट्रेंड