यूपी में बारिश और आंधी-तूफान का तांडव: 60 घंटे में 56 लोगों की मौत, 1000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण 56 लोगों की जान चली गई है, जबकि 107 पशुओं और 1021 घरों को नुकसान पहुंचा है।

यूपी में बारिश से जलभराव।
HighLights
60 घंटों में 56 जनहानि, 107 पशुहानि, 1021 मकान क्षतिग्रस्त हुए।
राहत आयुक्त ने बचाव कार्यों की समीक्षा कर तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रदेश में सामान्य से 775% अधिक वर्षा दर्ज की गई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्य में पिछले कई दिनों से जारी भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों एवं अपर जिलाधिकारियों से संवाद कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने तथा आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राहत आयुक्त ने बताया कि 25 सितंबर से 27 सितम्बर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिलीमीटर है। इस प्रकार प्रदेश में वर्षा सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकार्ड की गई।
आंधी-तूफान के कारण 56 की मौत
प्रदेश के 75 जिलों में से 56 मिमी में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है। फर्रूखाबाद में सामान्य से 7385 प्रतिशत, कन्नौज में 5664 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 4408 प्रतिशत, हमीरपुर में 4240 प्रतिशत तथा महोबा में 4100 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशुहानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है।
-1790565402764.webp)
इन जिलों में ये है मौत का आंकड़ा
जनहानि के मामलों में सीतापुर में सात, लखीमपुर खीरी, बहराइच व बलरामपुर में पांच-पांच, अयोध्या व गोरखपुर में चार-चार जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है।

मकान क्षति के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
यह भी पढ़ें- मौसम का यू-टर्न: बारिश के बाद 31 डिग्री पहुंचा तापमान, मथुरा में उमस ने बढ़ाई परेशानी
