अपराधियों को संरक्षण दे रही उत्तर प्रदेश सरकार
साध्वी प्राची और साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यूपी सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। मथुरा का सच सबके सामने आने के बाद वह सीबीआइ जांच से घबरा रही है जबिक केंद्र सरकार जांच को तैयार है।
लखनऊ (जेएनएन)। मथुरा में जो कुछ हुआ वह सबके सामने है। अपराधियों और गुंडों को सह देने वाली प्रदेश सरकार का असली चेहरा उजागर हुआ है। केंद्र सरकार सीबीआइ जांच को तैयार है, लेकिन प्रदेश सरकार सीबीआइ जांच से घबरा रही है। साध्वी प्राची ने आज कुछ ऐसे ही बयानों के बीच न केवल प्रदेश सरकार को घेरने का काम किया बल्कि कई विवादित बयानों को देकर युवाओं की तालियां भी बटोरी। उन्होने फेसबुक अकाउंट बताकर लाइक करने का भी आह्वान किया।
श्रीराम व भारत माता की जय के नारों के बीच कैपिटल हाल में महाराजा सुहेलदेव विजयोत्सव पर्व में शामिल हुईं साध्वी ने कांग्रेस व बसपा को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहाकि केंद्र की भ्रष्टाचारी सरकार को तो नरेंद्र मोदी ने उखाड़ फेका है अब प्रदेश की बारी है। भाजपा की सरकार बनते ही इस सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री जेल की सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहाकि कनाडा, इंग्लैंड व अमेरिका सहित विश्व के सभी देशों को मां का दर्जा नहीं दिया गया है। भारत को ही माता का दर्जा दिया जाता है। हम सबको मां के सम्मान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम व वीर अब्दुल हमीद की तारीफ करते हुए एक जाति विशेष पर जमकर हमला बोला।
अवैध कब्जों की देन जवाहरबाग कांड : निरंजन ज्योति
आज कानपुर में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि जवाहरबाग कांड अवैध कब्जों की ही देन है। वह 80 फिट रोड पर एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने आयी थीं। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसा कि इस सरकार में सबसे ज्यादा अवैध कब्जों की शिकायतें आती हैं। अवैध कब्जे के चलते मथुरा में इतनी बड़ी घटना घट गयी। विधानसभा चुनाव में पार्टी के एजेंडे के सवाल पर उन्होंने कहा कि केवल विकास एजेंडा होगा, दो साल में मोदी सरकार की उपलब्धियों को आम जन तक पहुंचाया जायेगा।