UP डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा ने कहा- अयोध्या में खुलेगा श्रीराम विश्वविद्यालय, होगा विभिन्न रामायणों पर शोध
अयोध्या महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डॉ.दिनेश शर्मा पहुंचे। डिप्टी सीएम ने कहा- अयोध्या को इस प्रकार से बनाया जा रहा है कि जब कोई रामनगरी आए तो संस्कार लेकर जाए। उन्होंने कहाकि पश्चिम बंगाल के चुनाव में जय श्रीराम ही चलेगा।
अयोध्या, जेएनएन। यूपी के उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने कहा कि अयोध्या में निजी क्षेत्र में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिसमें विभिन्न रामायणों पर शोध होगा। कर्मकांड का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या महोत्सव न्यास की ओर से यदि प्रस्ताव मिला तो इसे भी दीपोत्सव की तरह ही प्रांतीयकृत किया जाएगा।
अयोध्या महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डॉ.दिनेश शर्मा ने कहाकि अयोध्या को इस प्रकार से बनाया जा रहा है कि जब कोई रामनगरी आए तो संस्कार लेकर जाए। उन्होंने कहाकि पश्चिम बंगाल के चुनाव में जय श्रीराम ही चलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' का नारा लगाते थे तो लोग हमारा मजाक उड़ाते थे। अब राम मंदिर बनने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है और अयोध्या भी बन रही है। उन्होंने कहाकि अयोध्या हमारे लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। अयोध्या की विरासत प्राचीन है। अयोध्या की लोक संस्कृति का प्रभाव पूरे देश में देखने को मिलता है। अयोध्या की विरासत को बरकरार रखने हुए योगी सरकार अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर की नगरी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, सड़कें आदि बनाई जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के आम लोग ही नहीं, बल्कि जीव-जंतु भी राममय नगर आते हैं। गाय रामलला की परिक्रमा करती है तो बंदरों का भी पेट भरा जाता है। अयोध्या का यह संस्कार और संस्कृति हर किसी को प्रभावित करती है। उन्होंने कहाकि महोत्सव विरासत को बढ़ाता है। लोककला का संरक्षण और संवर्धन करता है। महोत्सव के मुख्य संयोजक नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्त ने अतिथियों का आभार जताया।