विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में पर्यावरण संरक्षण की ओर बड़ी छलांग, पांच जिलों के 16 वेटलैंड बने संरक्षित धरोहर; देखें पूरी लिस्ट

Published: Thu, 21 May 2026 06:21 PM (IST)

प्रदेश सरकार ने पांच जिलों के 16 वेटलैंड को संरक्षित घोषित करते हुए अंतिम अधिसूचना जारी की है।

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पांच जिलों के 16 वेटलैंड को संरक्षित करते हुए अंतिम अधिसूचना जारी कर दी है। बाराबंकी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा व रामपुर जिले के इन वेटलैंड को अवैध कब्जों से बचाने और उनके प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए ऐसा किया है।

वेटलैंड के अधिसूचित होने के बाद इन क्षेत्रों में किसी भी तरह का अवैध कब्जा, खनन और भूजल का अंधाधुंध दोहन पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है।

प्रदेश में अब कुल 17 वेटलैंड अधिसूचित हो गए हैं। अभी तक गोरखपुर का रामगढ़ ताल ही एकमात्र ऐसा वेटलैंड था जिसे सबसे पहले अधिसूचित किया गया था। वेटलैंड संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रामसर साइट का दर्जा दिया जाता है, जबकि देश में वेटलैंड (संरक्षण एवं प्रबंधन) नियम 2017 के तहत इन्हें अधिसूचित किया जाता है।

प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक

मार्च में इन 16 वेटलैंड की आरंभिक अधिूचना जारी कर दावे व आपत्तियां मांगी गईं थीं। अब इनका निस्तारण कर अंतिम रूप से इन्हें अधिसूचित कर दिया गया है। अधिसूचना लागू होने के साथ ही अब इन वेटलैंड क्षेत्र में कचरा, सीवेज, औद्योगिक अपशिष्ट, प्लास्टिक व पॉलिथीन के उपयोग पर पूरी तरह रोक लग गई है।

इसके अलावा इन क्षेत्रों में स्थायी निर्माण, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों की स्थापना और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर भी सख्त प्रतिबंध रहेगा। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय जैव विविधता भी सुरक्षित रह सकेगी।

हालांकि कुछ ऐसे भी काम होते हैं जिनमें वेटलैंड अधिसूचित होने के बाद भी किसी भी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। पर्यावरण को नुकसान न पहुंचने वाली पारंपरिक खेती, स्थानीय समुदाय द्वारा सीमित व पारंपरिक मछली पालन, नियंत्रित रूप से पशुपालन और चराई जैसे काम पहले की तरह चलते रहेंगे।

जैव विविधता संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां हों या इको-टूरिज्म व जल संरक्षण से जुड़े कार्य एवं वैज्ञानिक अनुसंधान और अध्ययन जैसे कार्यों पर भी कोई रोक नहीं रहेगी।

यह वेटलैंड हुए अधिसूचित

जिला वैटलैंड का नाम
बाराबंकी भगहर झील, बैनाटी करहार झील, नकटौली तालाब, सुदुल्लापुर (लम्बुआ तालाब), खुर्दमऊ तालाब, सराई बराई तालाब, भितरी झील, चकोर
हमीरपुर ममना तालाब, कम्हरिया
चित्रकूट बड़ा तालाब, सिंघानिया तालाब
आगरा अंगूठी तालाब, न्याग्राम तालाब
रामपुर चकरपुर कदीम तालाब, छतरपुर तालाब

यह भी पढ़ें- यूपी के 19 जिलों में बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए कड़ा फरमान जारी, तुरंत ड्यूटी पर वापस लौटने का आदेश