यूपी के 19 जिलों में बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए कड़ा फरमान जारी, तुरंत ड्यूटी पर वापस लौटने का आदेश
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने 31 जुलाई तक सभी अभियंताओं और कर्मियों की छुट्टियां रद्द ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)
HighLights
मध्यांचल एमडी ने 31 जुलाई तक छुट्टियां रद्द कीं।
निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु यह निर्णय लिया गया।
19 जिलों के अभियंताओं, कर्मियों को तत्काल वापस बुलाया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने सभी अभियंताओं व कर्मियों की छुट्टियां 31 जुलाई तक निरस्त कर दी हैं। 19 जिलों में जो भी अभियंता व कर्मचारी छुट्टी पर गए थे, उन्हें तत्काल वापस बुलाने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्बाध बिजली आपूर्ति और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने 21 मई को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
मध्यांचल के अंतर्गत आने वाले जिलों में लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव ,हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत के मुख्य अभियंताओं को आदेश पर अमल करने के निर्देश दिए गए हैं।
एमडी ने कहा कि विशेष परिस्थिति एवं अपरिहार्य कारण होने पर डिस्काम के उपखंड अधिकारी के स्तर तक के समस्त कार्मिक अवकाश पर जाने से पहले मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा प्रबंध निदेशक से पूर्व अनुमति प्राप्त लेना अनिवार्य होगा। तभी छुट्टी स्वीकृति होगी।
