विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PET 2026 की सिटी इंटीमेशन स्लिप में केंद्र का नाम कराची लिखकर सोशल मीडिया पर फैलाई भ्रामक सूचना, लखनऊ में FIR दर्ज

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:04 AM (IST)

पीईटी-2026 की सिटी इंटीमेशन स्लिप में कराची, पाकिस्तान को परीक्षा केंद्र दिखाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाई गई। यूपीएसएसएससी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. पीईटी स्लिप में कराची को परीक्षा केंद्र दर्शाया गया।

  2. विनोद ने फेसबुक रील से भ्रामक सूचना फैलाई।

  3. यूपीएसएसएससी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की पीईटी-2026 की सिटी इंटीमेशन स्लिप में छेड़छाड़ की गई। जिसके बाद परीक्षा जनपद के रूप में कराची, पाकिस्तान दर्शाया गया।

आयोग की जांच में सामने आया कि यह काम विनोद नाम के व्यक्ति ने स्लिप में बदलाव करते हुए किया। इसके बाद फेसबुक पर रील के जरिए प्रसारित किया। जिससे आयोग की ओर से पाकिस्तान में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने का भ्रम फैल सकता था। परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति की तहरीर पर विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति के मुताबिक, आयोग ने 12 अक्टूबर को पीईटी-2026 के अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की सूचना जारी की थी। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने अपनी सिटी इंटीमेशन स्लिप में कथित तौर पर छेड़छाड़ कर परीक्षा जनपद कराची, पाकिस्तान दिखाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। इससे आधिकारिक दस्तावेज की प्रामाणिकता पर भ्रम पैदा होने के साथ परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती थी।

पुलिस से की गई कार्रवाई की मांग

आयोग की जांच में संबंधित अभ्यर्थी का परीक्षा जनपद हाथरस और गृह जनपद रायबरेली पाया गया। इसकी सत्यापित प्रति भी पुलिस को सौंपी गई है। तहरीर के साथ फेसबुक रील का प्रिंटआउट और स्क्रीनशाट भी संलग्न किए गए हैं।

परीक्षा नियंत्रक ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर विभूतिखंड उपेंद्र सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं, डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के जन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव की धूम, अब तक 4685 लोग हुए शामिल