यूपी में विधान परिषद चुनाव के कारण बदला PET का शेड्यूल, विभान ने किया नई तारीखों का एलान
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की तारीखों में विधान परिषद चुनाव के कारण बदलाव किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पीईटी 2026 परीक्षा की तारीखें विधान परिषद चुनाव के कारण बदलीं।
अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी।
पहले 23, 24, 25 अक्टूबर को होनी थी यह परीक्षा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 अब 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। आयोग ने पहले यह परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र मांगे थे। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने गुरुवार को संबंधित जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में बताया है कि विभिन्न जिलों से जनपदीय समिति के अनुमोदन के बाद परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र आयोग को संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से उपलब्ध करा दिए गए हैं।
आयोग ने इससे पहले 23, 24 और 25 अक्टूबर को पीईटी कराने के लिए संबंधित जिलों से परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र उपलब्ध कराने को कहा था। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 22 सितंबर को विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम जारी किए जाने के कारण परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। ऐसे में आयोग ने पीईटी की तारीखें बदलकर 25 अक्टूबर (रविवार), 30 अक्टूबर (शुक्रवार) और एक नवंबर (रविवार) निर्धारित की हैं। पीईटी में इस बार 35 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
