विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPSSSC ने जारी किया भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर, अक्टूबर में होगा पीईटी-2026 एग्जाम

Published: Mon, 03 Aug 2026 09:44 PM (IST)

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। मुख्य परीक्षाएं ...और पढ़ें

अधीनस्थ सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी।

अधीनस्थ सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी।

HighLights

  1. UPSSSC ने भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का कार्यक्रम जारी किया।

  2. मुख्य परीक्षाएं 9 अगस्त से दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।

  3. प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 अक्टूबर में होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। नौ अगस्त से मुख्य परीक्षाओं का सिलसिला शुरू होगा, जो दिसंबर तक चलेगा।

वहीं, प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 अक्टूबर में प्रस्तावित है। इसके लिए तीन अगस्त से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा तिथियों में बदलाव किया जा सकता है।

इससे पहले आयोग ने जनवरी से जुलाई तक का कैलेंडर जारी किया था, अब आगे की परीक्षाओं की संभावित तिथि जारी हुई है। पिछले वर्ष के पीईटी -2025 के अंक के आधार पर प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा नौ अगस्त को होगी।

इसके बाद सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा 23 अगस्त को होगी। अगस्त में अनुदेशक फिटर, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) व इनफार्मेंशन टेक्नोलाजी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम मेंटीनेंस पदों के लिए साक्षात्कार प्रस्तावित हैं। वहीं आशुलिपिक मुख्य परीक्षा-2022 की हिंदी आशुलेखन व टंकण परीक्षा एक सितंबर से शुरू होगी।

आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा और पीईटी- 2023 के अंक के आधार पर फार्मासिस्ट (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा 20 सितंबर को होगी। वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

सितंबर में अनुदेशक मैकेनिक (डीजल इंजन) और अनुदेशक टर्नर पदों के साक्षात्कार भी प्रस्तावित हैं। आयोग ने पीईटी- 2026 को अक्टूबर में कराने का प्रस्ताव रखा है। इसी माह अनुदेशक मशीनिस्ट पद के साक्षात्कार भी होंगे। नवंबर में प्लाटून कमांडर/ब्लाक आर्गेनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक की मुख्य परीक्षा 22 नवंबर को होगी।

गन्ना पर्यवेक्षक और पीईटी 2021 के अंक के आधार पर मोहर्रिर मुख्य परीक्षा 29 नवंबर को होगी। दिसंबर में लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार व विधान भवन रक्षक और विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर को होगी।

पीईटी- 2023 के अंक के आधार पर कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा और साक्षात्कार से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए आयोग की वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।

यह भी पढ़ें- अब होर्डिंग-बैनर और पोस्टर लगाने के लिए देना पड़ेगा पैसा, भदोही में नए नियम लागू करने की तैयारी