यूपी में 19 लाख से अधिक निरक्षरों ने दी परीक्षा, 16.68 लाख बने साक्षर; अब 2027 जनगणना तय करेगी डिजिटल तस्वीर
उत्तर प्रदेश में उल्लास कार्यक्रम के तहत 19 लाख से अधिक निरक्षरों ने साक्षरता परीक्षा दी, जिसमें से 16.68 लाख ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
उल्लास कार्यक्रम में 16.68 लाख लोग साक्षर हुए।
2027 जनगणना में डिजिटल साक्षरता भी जांची जाएगी।
15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर हुए शिक्षित।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में निरक्षरता दूर करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 19 लाख से अधिक लोगों ने साक्षरता परीक्षा दी है। इनमें 16.68 लाख लोग सफल हुए हैं। यानी परीक्षा में शामिल होने वाले करीब 87.5 प्रतिशत लोगों ने पढ़ने-लिखने और सामान्य गणना की जानकारी हासिल की है। 15 वर्ष और इससे अधिक उम्र के निरक्षर लोगों को शिक्षित करने के लिए उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2022-23 से अब तक आठ परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं।
इस अभियान के बीच अब वर्ष 2027 की जनगणना से प्रदेश की साक्षरता की नई तस्वीर सामने आएगी। जनगणना में इस बार लोगों की सामान्य साक्षरता के साथ डिजिटल साक्षरता भी पूछी जाएगी। इससे पता चलेगा कि कितने लोग पढ़ने-लिखने के अलावा डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने में सक्षम हैं। जनगणना में पूछे जाने वाले 40 सवालों में 15वां सवाल साक्षरता और डिजिटल साक्षरता से जुड़ा है।
इसके माध्यम से यह जानकारी जुटाई जाएगी कि व्यक्ति पढ़ने-लिखने के साथ डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करना जानता है या नहीं। वहीं, 16वें सवाल में उसकी पढ़ाई, उच्चतम शैक्षणिक योग्यता, संकाय और विषय की जानकारी ली जाएगी। इससे प्रदेश में शिक्षा की पहुंच के साथ डिजिटल ज्ञान की स्थिति का भी आकलन हो सकेगा।
2011 में 32.3 प्रतिशत आबादी थी निरक्षर
प्रदेश में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 19.98 कराेड़ की आबादी में साक्षरता दर 67.7 प्रतिशत थी। यानी उस समय हर 100 में करीब 32 लोग निरक्षर थे। महिलाओं की साक्षरता पुरुषों के मुकाबले काफी कम थी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी क्षेत्रों की तुलना में साक्षरता का स्तर नीचे था। इस तरह से सात वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर करीब 5.46 करोड़ थे।उल्लास कार्यक्रम - साक्षरता आंकड़े
| वर्ष | परीक्षा में शामिल | सफल |
|---|---|---|
| 2022-23 | 1,46,141 | 81,784 |
| 2023-24 | 2,40,995 | 1,90,634 |
| 2023-24 | 1,33,338 | 1,09,046 |
| 2024-25 | 1,48,855 | 1,26,347 |
| 2024-25 | 1,66,419 | 1,40,813 |
| 2025-26 | 1,43,946 | 1,22,146 |
| 2025-26 | 4,01,836 | 3,97,522 |
| 2026-27 | 5,25,000 | 5,00,000 |
वर्ष 2011 की जनगणना में साक्षरता की स्थिति:
श्रेणी - साक्षरता दर (प्रतिशत में)
- पुरुष - 77.3
- महिलाएं - 57.2
- ग्रामीण क्षेत्र - 65.5
- शहरी क्षेत्र- 75.1
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।