विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मॉडल सिटी बनेंगे लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी समेत छह शहर; कचरा प्रबंधन और सफाई पर होगा विशेष जोर

Published: Wed, 30 Sep 2026 04:11 AM (IST)

केंद्र सरकार की प्रगति-50 पहल में उत्तर प्रदेश के छह प्रमुख शहर (आगरा, अयोध्या, लखनऊ, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी) शामिल किए ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. यूपी के छह शहर प्रगति-50 पहल में शामिल।

  2. ठोस कचरा व जल प्रबंधन पर विशेष जोर।

  3. नागरिक भागीदारी से स्वच्छता मॉडल बनेंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। केंद्र सरकार की प्रगति-50 पहल में प्रदेश के छह प्रमुख शहरों आगरा, अयोध्या, लखनऊ, मथुरा, प्रयागराज और वाराणसी को शामिल किया गया है। इन शहरों में अब सामान्य साफ-सफाई से आगे बढ़कर ठोस कचरा प्रबंधन, उपयोग किए गए जल के प्रबंधन, स्वच्छता और नागरिक भागीदारी को परिणाम आधारित तरीके से मजबूत किया जाएगा।

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रगति-50 पहल का शुभारंभ किया। इसके तहत देश के 24 राज्यों के 50 शहरों को स्वच्छता के माडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें तकनीक आधारित निगरानी और परिणाम आधारित आकलन को प्रमुख आधार बनाया गया है।

केंद्रीय मंत्री स्वयं प्रत्येक दो महीने में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर चयनित शहरों की प्रगति की निगरानी करेंगे। मंत्रालय के अधिकारियों को भी विशिष्ट शहरों की जिम्मेदारी दी गई है, जो नियमित पर्यवेक्षण के साथ जरूरी मार्गदर्शन देंगे।

उत्तर प्रदेश के छह शहरों में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को ‘सिटी एज अ होल’ दृष्टिकोण से विकसित किया जाएगा। यानी अलग-अलग विभागों और निकायों के बजाय सभी संबंधित हितधारकों को योजना और क्रियान्वयन से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवाएं और समग्र रूप से बेहतर शहरी अनुभव देना है।

नागरिक भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वच्छता एप के साथ समर्पित वाट्सएप चैनल भी शुरू किया गया है। इसके माध्यम से नागरिक स्वच्छता से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के साथ व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी में बारिश बनी बाधा, टल गई पुलिस भर्ती की दौड़; अब 8 अक्टूबर को होगी PET परीक्षा